मत्स्य पालकों के लिए बड़ी खबर, प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना में आवेदन का मौका; 24 अगस्त तक भरें फॉर्म

0 24

गौतमबुद्धनगर: मत्स्य पालकों और पात्र लाभार्थियों के लिए प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत आवेदन करने का मौका है। मत्स्य विभाग ने योजना के तहत विभिन्न परियोजनाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक लाभार्थी विभागीय पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 24 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है।

इन परियोजनाओं के लिए मांगे गए आवेदन

सहायक मत्स्य निरीक्षक गौतमबुद्धनगर हरिशंकर त्रिपाठी ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2020-21 से संचालित प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत उपलब्ध अवशेष लक्ष्य के सापेक्ष पात्र लोगों को योजना का लाभ देने के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं।

योजना के तहत खारे जल में तालाब निर्माण एवं निवेश के लिए 33.93 हेक्टेयर क्षेत्र निर्धारित है। इसमें सामान्य वर्ग, महिला और अनुसूचित जाति के लाभार्थी शामिल हैं। इसके अलावा सामान्य वर्ग के लिए मध्याकार आरएएस की 3 यूनिट, महिला एवं अनुसूचित जाति वर्ग के लिए रियरिंग यूनिट निर्माण के लिए 22.667 हेक्टेयर तथा महिला वर्ग के लिए 241 बैकयार्ड आरएएस यूनिट का लक्ष्य उपलब्ध है।

65 हजार मत्स्य अंगुलिकाओं के संचय का लक्ष्य

योजना के तहत जलाशयों में 65,000 मत्स्य अंगुलिकाओं के संचय का भी लक्ष्य रखा गया है। इसका लाभ सामान्य, महिला और अनुसूचित जाति वर्ग के पात्र लाभार्थियों को दिया जाएगा। इसके साथ ही पारंपरिक मछुआरा परिवारों के लिए आजीविका और पोषण संबंधी सहायता से जुड़ी 500 यूनिट परियोजनाएं भी योजना में शामिल हैं।

24 अगस्त तक करना होगा ऑनलाइन आवेदन

मत्स्य विभाग के अनुसार पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ लेने के लिए 24 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन प्रक्रिया और योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध कराई गई है।

आवेदन से पहले इन जानकारियों को जरूर देखें

विभाग ने बताया कि योजना के तहत उपलब्ध परियोजनाओं का विवरण, प्रत्येक इकाई की लागत, आवेदन करने की प्रक्रिया और आवेदन के साथ संलग्न किए जाने वाले आवश्यक अभिलेखों की जानकारी विभागीय पोर्टल पर देखी जा सकती है। पात्र लाभार्थी आवेदन करने से पहले सभी आवश्यक जानकारी और दस्तावेजों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए सहायक निदेशक मत्स्य कार्यालय, कक्ष संख्या-305, द्वितीय तल, विकास भवन, गौतमबुद्धनगर में किसी भी कार्य दिवस संपर्क किया जा सकता है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.