रक्षाबंधन पर यूपी की महिलाओं को बड़ा तोहफा, 27 से 29 अगस्त तक सरकारी बसों में मुफ्त सफर

0 27

लखनऊ: रक्षाबंधन के मौके पर उत्तर प्रदेश की महिलाओं के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुफ्त बस यात्रा की सुविधा तीन दिनों तक बढ़ा दी है। अब महिलाएं 27 अगस्त की सुबह 6 बजे से 29 अगस्त की मध्य रात्रि तक उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में बिना किराया दिए यात्रा कर सकेंगी। महिला के साथ सफर करने वाले एक सहयोगी का टिकट भी मुफ्त रहेगा। अगर महिला के साथ एक से ज्यादा लोग यात्रा कर रहे हैं तो केवल महिला और एक सहयोगी को ही निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी, जबकि अन्य साथियों को पूरा किराया देना होगा।

पहले दो दिन की थी घोषणा, अब तीसरे दिन भी मुफ्त यात्रा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहले 27 और 28 अगस्त को महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा की घोषणा की थी। रविवार को रक्षाबंधन के अवसर पर इस सुविधा को एक दिन और बढ़ा दिया गया। इससे महिलाओं को त्योहार के दौरान अपने घर आने-जाने और वापसी के लिए तीन दिन तक मुफ्त बस यात्रा का विकल्प मिल गया है।

महिलाओं की सुरक्षित घर वापसी के लिए अधिकारियों को निर्देश

मुख्यमंत्री ने अपने सरकारी आवास पर रक्षाबंधन को लेकर परिवहन निगम और परिवहन विभाग के साथ नगर विकास, पुलिस और यातायात विभाग के अधिकारियों की उच्चस्तरीय बैठक की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और महिलाओं की सुरक्षित एवं सुविधाजनक घर वापसी के लिए जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए।

900 से ज्यादा बसों में भी मिलेगी मुफ्त यात्रा

रक्षाबंधन के दौरान नगर विकास विभाग की 900 से अधिक बसों में भी महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा देने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही निजी बसों, ऑटो और टैक्सी चालकों के सत्यापन पर भी जोर दिया गया है, ताकि महिला यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि 25 अगस्त तक सभी जिलों में बस, टैक्सी और ऑटो-टेम्पो यूनियनों के साथ समन्वय बैठक की जाए। त्योहार के दौरान प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर विशेष यातायात प्रबंधन करने को भी कहा गया है।

मथुरा-वृंदावन से अयोध्या तक विशेष इंतजाम

रक्षाबंधन के दौरान मथुरा-वृंदावन, अयोध्या, वाराणसी, प्रयागराज, चित्रकूट, विंध्याचल-मिर्जापुर और गोरखपुर जैसे प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर विशेष यातायात व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए हैं। इन स्थानों पर त्योहार के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए प्रशासन और यातायात विभाग को समन्वय के साथ व्यवस्था संभालने को कहा गया है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.