यूपी से कश्मीर तक बाढ़ का कहर, कहीं नदी में समाई पानी की टंकी तो कहीं डूबे घाट; कई इलाकों में रेस्क्यू ऑपरेशन

0 134

बलिया: देश के कई हिस्सों में लगातार बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं और बाढ़ का पानी रिहायशी इलाकों तक पहुंच गया है। उत्तर प्रदेश से लेकर मध्य प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर तक कई जगह हालात बिगड़े हुए हैं। कहीं घरों में पानी घुस गया है तो कहीं सड़कें और घाट जलमग्न हो गए हैं। प्रशासन और सुरक्षा बल प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव अभियान चला रहे हैं।

बलिया में गंगा में समा गई 20 फीट से ज्यादा ऊंची पानी की टंकी

उत्तर प्रदेश के बलिया में गंगा का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का पानी आसपास के इलाकों में पहुंच गया है। बाढ़ के तेज बहाव में 20 फीट से ज्यादा ऊंची पानी की टंकी ही गंगा नदी में समा गई। इस घटना से इलाके में बाढ़ के पानी की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

रीवा में सोसायटी में घुसा बाढ़ का पानी

मध्य प्रदेश के रीवा में भी बाढ़ का पानी रिहायशी सोसायटी तक पहुंच गया। कई घरों के ग्राउंड फ्लोर पानी में डूब गए, जिसके बाद लोगों को पहली मंजिल पर रहना पड़ा। राहत और बचाव में जुटे पुलिसकर्मी भी गहरे पानी के बीच उतरकर लोगों को सुरक्षित निकालते नजर आए।

मोहाली में पानी की तेज धार में फंसा पिकअप

पंजाब के मोहाली में पानी की तेज धार के बीच एक पिकअप वाहन फंस गया। वाहन में एक भैंस भी मौजूद थी। अचानक पानी बढ़ने के कारण पिकअप रास्ते में ही फंस गया। किसी तरह चालक और भैंस को बाहर निकाला गया। इसके बाद रस्सी की मदद से वाहन को भी पानी से बाहर खींचकर निकाला गया।

देहरादून में टपकेश्वर महादेव मंदिर के पास घाट डूबे

उत्तराखंड के देहरादून में लगातार बारिश के बीच रेड अलर्ट जारी है। पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही तेज बारिश के कारण तमसा नदी का जलस्तर खतरे के निशान की ओर बढ़ गया है। टपकेश्वर महादेव मंदिर क्षेत्र में नदी का पानी तेजी से बढ़ने से घाट और मंदिर का कुछ हिस्सा जलमग्न हो गया है। आसपास का इलाका भी बाढ़ के पानी की चपेट में आ गया है।

तमसा नदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर अलर्ट

तमसा नदी के तेज बहाव के कारण इलाके में कई जगह नुकसान की स्थिति बनी है। बाढ़ के पानी से पार्किंग में खड़ी कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। मंदिर के बड़े हिस्से तक पानी पहुंच गया है और विशाल हनुमान प्रतिमा के आसपास भी बाढ़ का पानी पहुंच चुका है।

नदी के रौद्र रूप को देखते हुए प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। लोगों को निचले इलाकों और नदी के किनारे जाने से बचने की सलाह दी गई है। प्रशासन की टीमें लगातार स्थिति पर नजर रख रही हैं।

अखनूर में चिनाब नदी में फंसे तीन युवकों का रेस्क्यू

जम्मू-कश्मीर के अखनूर में चिनाब नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से तीन युवक तेज बहाव के बीच फंस गए। घटना शनिवार रात चांदियां घाट की है। तीनों युवक नदी किनारे पत्थरों के पास बैठे थे, तभी पानी का स्तर तेजी से बढ़ गया और वे बीच धार में फंस गए।

स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना अखनूर पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस, सेना और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। करीब दो घंटे चले बचाव अभियान के बाद रस्सी की मदद से तीनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.