PM मोदी के जन्मदिन पर BJP का बड़ा जनसंपर्क अभियान, वडनगर-वाराणसी से निकलेगी यात्रा; देशभर में होंगे सेवा कार्यक्रम

0 330

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर भाजपा ने देशभर में बड़े जनसंपर्क अभियान की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी का लक्ष्य यात्राओं और एक महीने तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान के जरिए कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरना और आम लोगों से सीधे संवाद करना है।

योजना के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन्मभूमि वडनगर और कर्मभूमि वाराणसी से दो अलग-अलग यात्राएं निकाली जाएंगी। इन यात्राओं से जुड़ी टीमें देश के विभिन्न हिस्सों में पहुंचकर लोकसेवक के रूप में प्रधानमंत्री मोदी के कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी लोगों तक पहुंचाएंगी।

यात्रा के साथ सेवा कार्यक्रमों पर भी जोर

यात्राओं के दायरे से बाहर रहने वाले क्षेत्रों में सेवा संकल्प अभियान के तहत अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें रैलियां, रक्तदान शिविर और स्वास्थ्य जांच शिविर शामिल हैं। इसके जरिए पार्टी लोगों के बीच अपनी पहुंच बढ़ाने और सीधे संवाद को मजबूत करने की तैयारी में है।

सेवा संकल्प अभियान की रूपरेखा को लेकर सोमवार देर रात तक भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की बैठक चली। पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन, गृह मंत्री अमित शाह, महासचिव स्मृति ईरानी और विनोद तावड़े समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने बैठक में अभियान की तैयारियों और कार्यक्रमों पर चर्चा की।

17 सितंबर से शुरू होगी दोनों यात्राएं

प्रस्तावित कार्यक्रम के मुताबिक दोनों यात्राएं 17 सितंबर से वडनगर और वाराणसी से शुरू होंगी। अलग-अलग मार्गों से गुजरते हुए ये यात्राएं 17 अक्टूबर को क्रमशः वाराणसी और वडनगर पहुंचेंगी।

दोनों यात्राएं रोजाना करीब 100 किलोमीटर का सफर तय करेंगी। इस दौरान प्रत्येक यात्रा लगभग 3,000 किलोमीटर के क्षेत्र को कवर करेगी। यात्रा के दौरान हर दिन कम से कम चार कार्यक्रम आयोजित किए जाने की योजना है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.