यूपी में आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए बड़ा कदम, सीएम योगी ने सेवा निगम का लोगो, वेबसाइट और पोर्टल किया लॉन्च
गौतमबुद्धनगर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के लोगो का अनावरण किया और वेबसाइट एवं पोर्टल का शुभारंभ किया। इस मौके पर आउटसोर्स कार्मिकों के भविष्य को सुरक्षित और उज्ज्वल बनाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी की गईं।
लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सभागार में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि दादरी विधायक तेजपाल नागर, मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, प्रभारी जिला विकास अधिकारी एवं परियोजना निदेशक डीआरडीए नेहा सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी अरुण कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी आशीष कुमार, उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण समेत संबंधित अधिकारी और आउटसोर्स कर्मचारी मौजूद रहे।

आउटसोर्स कर्मचारियों के भविष्य को सुरक्षित करने की पहल
सजीव प्रसारण समाप्त होने के बाद दादरी विधायक तेजपाल नागर ने दीप प्रज्ज्वलित कर स्थानीय कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह दिन ऐतिहासिक है। प्रदेश सरकार ने आउटसोर्स कार्मिकों के हितों को प्राथमिकता देते हुए उनके भविष्य को सुरक्षित, सशक्त और उज्ज्वल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।
विधायक ने कहा कि उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के माध्यम से कर्मचारियों को उनके कौशल और कार्य के अनुरूप बेहतर मानदेय के साथ विभिन्न सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि शासन की ओर से आउटसोर्स कार्मिकों के हित में की गई घोषणाएं उनके लिए कल्याणकारी साबित होंगी और उनके भविष्य को नई दिशा देंगी।

निर्माण कर्मकार बोर्ड के लाभार्थियों को बांटे प्रमाण-पत्र
कार्यक्रम के दौरान विधायक तेजपाल नागर ने उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार बोर्ड के लाभार्थियों को धनराशि के प्रमाण-पत्र भी वितरित किए। प्रमाण-पत्र में स्वीकृत धनराशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी।
सीडीओ ने कहा- कर्मचारियों के हित में महत्वपूर्ण कदम
मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी ने दादरी विधायक तेजपाल नागर के प्रति आभार जताते हुए आउटसोर्स कर्मचारियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने आउटसोर्स कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम का गठन किया है। उन्होंने इसे आउटसोर्स कार्मिकों के भविष्य को सुरक्षित और उज्ज्वल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।