श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर आधी रात गूंजे जयकारे, सीएम योगी ने लड्डू गोपाल को पालने में झुलाया और उतारी आरती

0 39

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व शुक्रवार को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म लेते ही मंदिरों से लेकर घरों तक जयकारे गूंज उठे। गोरखनाथ मंदिर में भी श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की भव्यता देखने को मिली। मुख्यमंत्री और गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप की पूजा-अर्चना की, उन्हें फूलों से सजे पालने में झुलाया और आरती उतारी। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर कृष्ण भक्ति में डूबा नजर आया।

आधी रात जन्मे कान्हा, गोरखनाथ मंदिर में गूंजे जयकारे

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार रात लखनऊ से गोरखपुर पहुंचे थे। महायोगी गोरखनाथ की साधनास्थली गोरखनाथ मंदिर में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सभागार में भजन संध्या का आयोजन किया गया। मध्यरात्रि में श्रीकृष्ण के प्राकट्य के साथ ही मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल और गहरा गया।

श्रीकृष्ण जन्म के बाद ‘नंद घर आनंद भयो, जय कन्हैयालाल की’ और ‘श्रीकृष्ण गोविंद हरे मुरारी, हे नाथ नारायण वासुदेव’ की मंगल धुनों के बीच सोहर और बधाई गीत गाए गए। घंट-घड़ियाल की ध्वनि के बीच गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ भगवान के बाल स्वरूप को गोद में लेकर गर्भगृह से बाहर आए।

योगी ने लड्डू गोपाल को पालने में झुलाया

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रभु श्रीहरि के बाल स्वरूप ‘लड्डू गोपाल’ को फूलों से सजे पालने में विराजमान कराया। इसके बाद उन्होंने श्रद्धाभाव से भगवान को पालने में झुलाया और आरती उतारी। श्रीकृष्ण के प्राकट्य का अनुष्ठान पूरा होने के बाद मंदिर की ओर से श्रद्धालुओं को फलाहार और प्रसाद वितरित किया गया।

राधा-कृष्ण बने बच्चों से मिले योगी, खिलौने और चॉकलेट दिए

श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महंत दिग्विजयनाथ स्मृति सभागार में आयोजित कार्यक्रम में राधा और कृष्ण की वेशभूषा में आए बच्चों से मुलाकात की। उन्होंने बच्चों के साथ हंसी-ठिठोली की और उन्हें स्नेह के साथ खिलौने व चॉकलेट उपहार में दिए।

मुख्यमंत्री ने कई बच्चों को अपनी गोद में लेकर काफी देर तक खिलाया और दुलार किया। कुछ बच्चों ने उन्हें दोहे और श्लोक सुनाए, जबकि कुछ ने उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। बच्चों की ओर से किए गए अनुरोधों को मुख्यमंत्री पूरा करते नजर आए।

भजन संध्या में कान्हा-श्याम की भक्ति से सराबोर हुआ माहौल

गोरखनाथ मंदिर के दिग्विजयनाथ स्मृति भवन में डॉ. राकेश श्रीवास्तव के संयोजन में भजन संध्या आयोजित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत पुनीत श्रीवास्तव ने भक्ति गीत से की। इसके बाद हृदया त्रिपाठी और अनीता सिंह ने सोहर प्रस्तुत किए, जबकि लक्ष्मी गुप्ता ने बधाई गीत सुनाया।

गायक उमेश मिश्रा और एकता शुक्ला ने कृष्ण भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। डॉ. राकेश श्रीवास्तव ने पारंपरिक बधाई गीत और सोहर का गायन किया, जिससे पूरे वातावरण में जन्माष्टमी का उल्लास छा गया। वाद्य यंत्रों पर श्यामसुंदर लाल श्रीवास्तव हंसलोना, दीपक, आभास पाठक और सुधाकर सिन्हा ने संगत की।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.