UP Weather: यूपी में फिर बढ़ी गर्मी और उमस, आज कई इलाकों में हल्की बारिश के आसार; बदलेगा मौसम

0 23

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में बारिश के बाद एक बार फिर गर्मी और उमस का असर बढ़ गया है। गुरुवार को कई इलाकों में सुबह से मौसम का मिजाज बदलता रहा। कहीं रिमझिम बारिश हुई तो कुछ देर बाद तेज धूप निकल आई। बारिश के बाद निकली धूप और बढ़ी उमस ने लोगों को परेशान किया। हालांकि, शाम को ठंडी हवाएं चलने से मौसम सुहाना हो गया और लोगों को कुछ राहत मिली। मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के आसार जताए हैं।

सुबह बारिश के बाद निकली तेज धूप

गुरुवार सुबह मौसम बदला हुआ नजर आया। कुछ देर के लिए रिमझिम बारिश हुई, लेकिन कुछ ही मिनट बाद बारिश थम गई और तेज धूप निकल आई। दिन चढ़ने के साथ धूप के तेवर और तल्ख होते गए।

सुबह करीब 10 बजे से ही तेज धूप और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। गर्मी से बचने के लिए लोग पंखे, कूलर और एसी का सहारा लेते रहे। उमस के कारण लोग पसीने से बेहाल नजर आए और बार-बार पानी पीकर राहत पाने की कोशिश करते रहे।

दोपहर में फिर बदला मौसम

दोपहर करीब दो बजे एक बार फिर मौसम ने करवट ली। आसमान में घने काले बादल छा गए और करीब 15 मिनट तक अच्छी बारिश हुई। हालांकि, बारिश रुकते ही फिर तेज धूप निकल आई, जिससे गर्मी और उमस दोबारा बढ़ गई।

शाम होते-होते ठंडी हवाएं चलने लगीं और मौसम सुहाना हो गया। रात के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली।

बदायूं में तेज बारिश और हवाओं से फसल प्रभावित

प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम का असर ज्यादा देखने को मिला। बदायूं में तेज बारिश के साथ चली हवाओं के कारण अगहती धान की फसल खेतों में गिर गई। तेज हवा के चलते कुछ स्थानों पर पेड़ और बिजली के खंभे भी उखड़ गए।

गुरुवार सुबह करीब नौ बजे अचानक मौसम बदला और कुछ ही देर में आसमान में अंधेरा छा गया। इसके बाद कई इलाकों में करीब आधे घंटे तक तेज बारिश हुई। बारिश के दौरान तेज हवाएं चलने से कई खेतों में धान की फसल गिर गई।

बिजली आपूर्ति भी हुई प्रभावित

तेज हवाओं के कारण कुछ जगहों पर बिजली की लाइन टूट गई, जिससे आपूर्ति प्रभावित हुई। हालांकि, बिजली निगम के अधिकारियों ने कुछ ही देर में क्षतिग्रस्त लाइन को ठीक कराकर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी।

आज भी हल्की बारिश के आसार

गुरुवार को कई इलाकों में तेज बारिश के बाद शुक्रवार को भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है। बारिश होने पर लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिल सकती है। हालांकि, बारिश थमने के बाद उमस बढ़ने की स्थिति भी बनी रह सकती है।

गुरुवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.