ग्रेटर नोएडा में 25 सितंबर से सजेगा यूपीआईटीएस 2026 का मंच, 85 देशों के खरीदारों समेत 2,400 से ज्यादा प्रदर्शक जुटेंगे
ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश को वैश्विक सोर्सिंग हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस) 2026 का चौथा संस्करण 25 सितंबर से ग्रेटर नोएडा में शुरू होने जा रहा है। पांच दिन तक चलने वाले इस आयोजन में उत्तर प्रदेश के एमएसएमई, ओडीओपी, मैन्युफैक्चरिंग, हस्तशिल्प, टेक्सटाइल, कृषि, खाद्य प्रसंस्करण, आईटी और अन्य क्षेत्रों की कारोबारी क्षमता दुनिया के सामने रखी जाएगी।
इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक होने वाले यूपीआईटीएस 2026 में 2,400 से अधिक प्रदर्शकों के साथ 85 देशों के 550 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के पहुंचने की उम्मीद है। आयोजकों के मुताबिक 1.5 लाख से अधिक बीटूबी खरीदारों और आगंतुकों तथा 4.5 लाख से अधिक सामान्य आगंतुकों के शामिल होने की संभावना है। आयोजन का उद्घाटन केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे।
96 लाख से अधिक एमएसएमई इकाइयों को वैश्विक बाजार से जोड़ने की कोशिश
प्रदेश के एमएसएमई मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि एमएसएमई उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण ताकत हैं। प्रदेश में 96 लाख से अधिक एमएसएमई इकाइयां हैं और सरकार इन्हें वैश्विक बाजार से जोड़ने के लिए कारोबारी इकोसिस्टम को मजबूत कर रही है।
यूपीआईटीएस के जरिए स्थानीय उद्यमियों को नए बाजार, निवेश, कारोबारी विस्तार और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा।
ऑस्ट्रिया, जापान समेत छह देश होंगे पार्टनर
इस बार यूपीआईटीएस का अंतरराष्ट्रीय स्वरूप पहले से व्यापक होगा। आयोजन में ऑस्ट्रिया, जापान, रूस, सिंगापुर, बेलारूस और वियतनाम पार्टनर देश के रूप में शामिल होंगे।
आयोजन से पहले ही 72 देशों से विदेशी खरीदारों के पंजीकरण प्राप्त हो चुके हैं। एफआईईओ के होस्टेड बायर प्रोग्राम के जरिए आयातकों, वितरकों, रिटेलर्स, सोर्सिंग एजेंट्स और प्रोक्योरमेंट से जुड़े प्रतिनिधियों को भी जोड़ा जा रहा है।
एक ही मंच पर खरीदार और कारोबारी
यूपीआईटीएस 2026 में बीटूबी मैचमेकिंग, नेटवर्किंग और बिजनेस सेशन के जरिए प्रदर्शकों और खरीदारों के बीच सीधे कारोबारी संवाद की व्यवस्था की गई है। डिजिटल मैचमेकिंग के जरिए प्रतिभागी पहले से अपनी कारोबारी बैठकें तय कर सकेंगे।
इसका उद्देश्य उत्तर प्रदेश के स्थानीय उत्पादों को घरेलू बाजार के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी नए खरीदार उपलब्ध कराना है।
‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन क्यूज़ीन’ भी बनेगा आकर्षण
इस बार व्यापार के साथ उत्तर प्रदेश की संस्कृति और खान-पान को भी विशेष जगह दी गई है। ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ के साथ ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन क्यूज़ीन’ को प्रमुखता दी जाएगी।
इसके तहत प्रदेश के अलग-अलग जिलों के पारंपरिक व्यंजन, स्थानीय पाक विधियां और खाद्य विरासत को देश-विदेश के आगंतुकों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।
ऑटोमोबाइल से लेकर आईटी और हेल्थ सेक्टर तक दिखेगी तस्वीर
ट्रेड शो में कृषि, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रिक वाहन, ऑटो कंपोनेंट्स, एविएशन, रक्षा, इलेक्ट्रॉनिक्स, ई-कॉमर्स, आईटी, स्मार्ट सिटी, फिल्म एवं मनोरंजन, फूड प्रोसेसिंग, एफएमसीजी, हैंडलूम, हस्तशिल्प, टेक्सटाइल, स्वास्थ्य, आयुष, फार्मास्यूटिकल्स, मेडिकल उपकरण, इंजीनियरिंग, मैन्युफैक्चरिंग, पर्यटन, हॉस्पिटैलिटी, स्पोर्ट्स, टॉयज, रिन्यूएबल एनर्जी, लॉजिस्टिक्स और वित्तीय सेवाओं समेत कई क्षेत्रों की भागीदारी होगी।
2025 में पहुंचे थे 5.07 लाख से ज्यादा लोग
यूपीआईटीएस का पिछला संस्करण भी बड़े स्तर पर आयोजित हुआ था। वर्ष 2025 में कुल 5,07,099 आगंतुक पहुंचे थे, जिनमें 1,40,735 बीटूबी आगंतुक शामिल थे। 35 हजार वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में आयोजित प्रदर्शनी में 2,228 प्रदर्शकों ने हिस्सा लिया था।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 2025 संस्करण में 2,400 से अधिक एमओयू के जरिए ₹1,882 करोड़ के निवेश/व्यावसायिक प्रस्ताव और ₹11,200 करोड़ से अधिक की बिजनेस इन्क्वायरी दर्ज की गई थी।
पांच दिन व्यापार के साथ संस्कृति और नवाचार पर भी जोर
यूपीआईटीएस 2026 में बिजनेस एंगेजमेंट के साथ नॉलेज सेशन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, लाइव परफॉर्मेंस, अवॉर्ड समारोह, फैशन शो और लेजर शो भी आयोजित किए जाएंगे। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग, डिजिटल ट्रेड, फूड प्रोसेसिंग, एमएसएमई और ग्लोबल फ्री ट्रेड एग्रीमेंट्स जैसे विषयों पर चर्चा होगी।
आयोजन का उद्देश्य उत्तर प्रदेश की मैन्युफैक्चरिंग क्षमता, एमएसएमई इकोसिस्टम, ओडीओपी उत्पादों, हस्तशिल्प, टेक्सटाइल, कृषि और उभरते उद्योगों को वैश्विक खरीदारों और निवेशकों तक पहुंचाना है।
यूपीआईटीएस 2026 का आयोजन 25 से 29 सितंबर तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में होगा। कारोबारियों के लिए समय सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक और आम आगंतुकों के लिए दोपहर 3 बजे से रात 8 बजे तक रहेगा।