नोएडा में इलेक्ट्रिक वाहनों को मिलेगी रफ्तार, 30 जगहों पर लगेंगे ईवी चार्जिंग स्टेशन; प्राधिकरण और यूपीआरईवी में हुआ समझौता

0 26

नोएडा: शहर में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने और प्रदूषण नियंत्रण के उद्देश्य से ग्रीन मोबिलिटी को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। उत्तर प्रदेश इलेक्ट्रिक वाहन नीति-2022 के तहत नोएडा शहर के विभिन्न स्थानों पर इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। इसी क्रम में नोएडा प्राधिकरण और यूपी रिन्यूएबल एंड ईवी चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (UPREV) के बीच 24 सितंबर 2026 को समझौता ज्ञापन (एमओयू) किया गया।

30 स्थानों पर स्थापित होंगे ईवी चार्जिंग स्टेशन

समझौते के तहत नोएडा में कुल 30 स्थानों पर इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन लगाए जाएंगे। यह एमओयू 10 वर्ष के लिए किया गया है, जिसे भविष्य में बढ़ाया भी जा सकता है।

चार्जिंग स्टेशनों की स्थापना पर होने वाला पूरा खर्च यूपी रिन्यूएबल एंड ईवी चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (UPREV) वहन करेगा। वहीं, नोएडा प्राधिकरण की ओर से चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए आवश्यक स्थान उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा प्राधिकरण की ओर से किसी तरह की वित्तीय सहायता नहीं दी जाएगी।

एक साथ दो कार और एक दोपहिया वाहन हो सकेंगे चार्ज

प्रत्येक चयनित स्थान पर कम से कम दो चार्जर लगाए जाएंगे। इन चार्जिंग स्टेशनों पर एक समय में दो कारों और एक दोपहिया इलेक्ट्रिक वाहन को चार्ज किया जा सकेगा।

चार्जिंग से होने वाली आय में प्राधिकरण को मिलेगा हिस्सा

ईवी चार्जिंग स्टेशनों पर वाहनों को चार्ज करने के लिए इस्तेमाल होने वाली बिजली के बदले नोएडा प्राधिकरण को राजस्व साझेदारी के आधार पर प्रति किलोवाट घंटा 1 रुपये की दर से राजस्व प्राप्त होगा।

इन इलाकों में लगाए जाएंगे चार्जिंग स्टेशन

प्राधिकरण की ओर से तय किए गए 30 स्थानों में सेक्टर-101, सेक्टर-78, सेक्टर-38 स्थित बॉटेनिकल गार्डन, सेक्टर-76, सेक्टर-51, सेक्टर-119, सेक्टर-21ए, सेक्टर-81, सेक्टर-122 और सेक्टर-129 शामिल हैं। इसके अलावा सेक्टर-132 स्थित इंफोसिस परिसर में भी चार्जिंग स्टेशन प्रस्तावित हैं।

सूची में सेक्टर-154, सेक्टर-145, सेक्टर-146, सेक्टर-150, सेक्टर-144, एनएसईजेड मेट्रो के पास फेज-2, सेक्टर-18, सेक्टर-27, सेक्टर-29 और सेक्टर-1 की पार्किंग समेत कई स्थान शामिल हैं।

इसके साथ ही सेक्टर-18 के पास बीएचईएल कार्यालय की पार्किंग, महामना फ्लाईओवर के नीचे, सेक्टर-50, सेक्टर-15, सेक्टर-2, सेक्टर-24 स्थित एनटीपीसी ईओसी कार्यालय, सेक्टर-96 स्थित नोएडा प्राधिकरण के नए कार्यालय और सेक्टर-94 स्थित कमांड कंट्रोल सेंटर भवन को भी चार्जिंग स्टेशन के लिए चिन्हित किया गया है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.