कनाडा में बड़ा हेलीकॉप्टर हादसा, क्रैश के बाद लगी आग; 4 लोगों की मौत, जांच में जुटी एजेंसियां

0 23

कनाडा: मॉन्ट्रियल शहर से करीब 50 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में एक हेलीकॉप्टर क्रैश होने से चार लोगों की मौत हो गई। हादसा शनिवार दोपहर सेंट-ब्रिगिड-डी’इबरविले इलाके में हुआ। बताया जा रहा है कि दुर्घटना से पहले हेलीकॉप्टर में कुछ तकनीकी दिक्कतें आई थीं। हालांकि, हादसा किस वजह से हुआ, इसकी अभी जांच की जा रही है।

क्रैश के बाद हेलीकॉप्टर में आग लग गई थी। दमकलकर्मियों ने करीब एक घंटे के भीतर आग पर काबू पा लिया। हेलीकॉप्टर में सवार चारों लोगों को घटनास्थल पर ही मृत घोषित कर दिया गया।

दुर्घटना से पहले हेलीकॉप्टर में आई थी दिक्कत

क्यूबेक प्रांतीय पुलिस की प्रवक्ता ऑड्रे-ऐनी बिलोड्यू के मुताबिक, हेलीकॉप्टर दोपहर करीब 2:30 बजे दुर्घटनाग्रस्त हुआ। यह घटना मॉन्ट्रियल से लगभग 50 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में हुई।

पुलिस के अनुसार, क्रैश से पहले हेलीकॉप्टर में कुछ परेशानी सामने आई थी। हालांकि, यह परेशानी क्या थी और उसका हादसे से कोई सीधा संबंध था या नहीं, इसकी जानकारी जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।

हादसे की वजह और मृतकों की पहचान का इंतजार

पुलिस ने अभी तक हादसे में मारे गए चारों लोगों की पहचान सार्वजनिक नहीं की है। दुर्घटना की वजह भी फिलहाल स्पष्ट नहीं है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हेलीकॉप्टर एक निजी विमान हो सकता है।

कनाडा के ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड ने घटनास्थल पर जांचकर्ताओं को भेज दिया है। टीम हादसे के कारणों और हेलीकॉप्टर से जुड़ी परिस्थितियों की जांच करेगी।

अमेरिका में भी हेलीकॉप्टर हादसे में दो पायलटों की मौत

इससे पहले अमेरिका के योसेमाइट नेशनल पार्क में जंगल की आग बुझाने के अभियान के दौरान दो हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गए थे। दोनों हादसों में हेलीकॉप्टर में केवल पायलट सवार थे और दोनों की मौत हो गई थी।

ये हेलीकॉप्टर जंगल की आग पर काबू पाने के लिए पानी गिराने के अभियान में शामिल थे। दोनों पायलट एक अनुबंधित विमानन कंपनी के लिए काम कर रहे थे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.