UN में भारत की स्थायी सीट पर रूस का खुला समर्थन, मॉरिशस भी साथ; लावरोव ने जर्मनी-जापान की दावेदारी का किया विरोध

0 17

न्यूयॉर्क: संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में स्थायी सदस्यता के लिए भारत की दावेदारी को रूस का स्पष्ट समर्थन मिला है। रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र में भारत और ब्राजील को सुरक्षा परिषद में स्थायी सीट दिए जाने का समर्थन किया। वहीं, मॉरिशस ने भी भारत की स्थायी सदस्यता की दावेदारी का समर्थन दोहराया है।

लावरोव ने सुरक्षा परिषद में एशिया, अफ्रीका और लैटिन अमेरिका का प्रतिनिधित्व बढ़ाने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि सुरक्षा परिषद में सुधार ऐसा होना चाहिए, जिससे दुनिया के इन क्षेत्रों की भागीदारी बढ़े और परिषद मौजूदा वैश्विक वास्तविकताओं को बेहतर तरीके से प्रतिबिंबित कर सके।

रूस ने पश्चिमी देशों को अतिरिक्त स्थायी सीट देने का किया विरोध

रूस ने सुरक्षा परिषद के विस्तार को लेकर अपना रुख भी साफ किया। लावरोव ने कहा कि सुधार के नाम पर पश्चिमी देशों को अतिरिक्त स्थायी सीट नहीं दी जानी चाहिए। उन्होंने खास तौर पर जर्मनी और जापान का नाम लेते हुए उनकी स्थायी सदस्यता की दावेदारी का विरोध किया।

लावरोव ने सुरक्षा परिषद में सुधार के दौरान मौजूदा स्थायी सदस्यों के अधिकारों और विशेषाधिकारों को कम नहीं किए जाने पर भी जोर दिया।

भारत और ब्राजील की दावेदारी के समर्थन में रूस

रूसी विदेश मंत्री ने ग्लोबल साउथ के देशों के प्रतिनिधित्व को बढ़ाने की वकालत करते हुए भारत और ब्राजील की स्थायी सदस्यता की दावेदारी का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि एशिया, अफ्रीका और लैटिन अमेरिका को सुरक्षा परिषद में अधिक प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए।

लावरोव ने अफ्रीकी महाद्वीप के हितों को भी ध्यान में रखने की बात कही। रूस लंबे समय से सुरक्षा परिषद में विकासशील देशों के प्रतिनिधित्व को बढ़ाने की मांग करता रहा है।

मॉरिशस ने भी भारत का खुलकर समर्थन किया

संयुक्त राष्ट्र महासभा में मॉरिशस ने भी भारत की स्थायी सदस्यता की दावेदारी का समर्थन किया। मॉरिशस के विदेश मंत्री धनंजय रामफुल ने कहा कि उनका देश सुरक्षा परिषद में सुधार को लेकर G4 और L69 के रुख का समर्थन करता है।

रामफुल ने वैश्विक मामलों में भारत की रचनात्मक भूमिका का उल्लेख करते हुए सुरक्षा परिषद की स्थायी सीट के लिए भारत की दावेदारी का समर्थन दोहराया।

UNSC में सुधार को लेकर बढ़ रही आवाज

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में इस समय पांच स्थायी और 10 गैर-स्थायी सदस्य हैं। स्थायी सदस्यों में अमेरिका, रूस, चीन, ब्रिटेन और फ्रांस शामिल हैं और इनके पास वीटो का अधिकार है।

भारत लंबे समय से सुरक्षा परिषद में स्थायी सदस्यता की मांग कर रहा है। G4 समूह में भारत के साथ ब्राजील, जर्मनी और जापान शामिल हैं। सुरक्षा परिषद की मौजूदा संरचना में बदलाव और स्थायी सदस्यों की संख्या बढ़ाने को लेकर संयुक्त राष्ट्र में लगातार चर्चा चल रही है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.