सावन की मिठाई सितंबर में भी मचा रही धूम! यूपी ट्रेड शो में बागपत के घेवर पर टूट पड़े लोग, कुरकुरे स्वाद से खोये की परत तक बनी पहचान

0 42

ग्रेटर नोएडा: इंडिया एक्सपो मार्ट में चल रहे यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में बागपत का घेवर लोगों को अपनी ओर खींच रहा है। वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन के पवेलियन में बागपत के स्टॉल पर पहुंच रहे लोग पहले सामने बनते घेवर को देख रहे हैं और फिर उसका स्वाद चख रहे हैं। दिल्ली, गुरुग्राम और गाजियाबाद से पहुंचे लोगों को घेवर की कुरकुराहट और खोये की परत खास तौर पर पसंद आ रही है। आमतौर पर सावन की मिठाई माने जाने वाले घेवर की सितंबर में भी ताजा बिक्री लोगों के लिए खास आकर्षण बनी हुई है।

बागपत के अमीनगर सराय निवासी ईश्वर दयाल अग्रवाल के परिवार में तीन पीढ़ियों से घेवर बनाने का कारोबार चल रहा है। इसी परिवार से जुड़े दीपक गोयल ट्रेड शो में स्टॉल का संचालन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि कई लोग स्टॉल पर पहुंचकर यह सवाल कर रहे हैं कि घेवर तो सावन में मिलता है, फिर सितंबर में इसकी बिक्री कैसे हो रही है। उन्हें बताया जाता है कि बागपत में घेवर की मांग सिर्फ सावन तक सीमित नहीं है। सोशल मीडिया के जरिए भी लोगों को अलग-अलग मौसम में बागपत के घेवर की उपलब्धता की जानकारी मिल रही है।

स्टॉल पर सामने तैयार हो रहा ताजा घेवर

ट्रेड शो में बागपत से पांच कारीगर पहुंचे हैं, जो स्टॉल पर ही लोगों के सामने ताजा घेवर तैयार कर रहे हैं। घेवर बनते देखने की उत्सुकता भी लोगों को स्टॉल तक खींच रही है। दीपक गोयल के मुताबिक यहां रोजाना अच्छी बिक्री हो रही है और घेवर 600 रुपये प्रति किलो की दर से बेचा जा रहा है।

उन्होंने बताया कि घेवर में शुद्ध दूध से तैयार खोये का इस्तेमाल किया जाता है, जो इसके स्वाद को अलग पहचान देता है। नीचे का कुरकुरा हिस्सा और ऊपर जमी खोये की परत इसकी खासियत है। बागपत के साथ दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी इसकी मांग रहती है।

दिल्ली से गाजियाबाद तक लोगों ने चखा बागपत का स्वाद

ट्रेड शो में पहुंचीं दिल्ली की सोनाली, गुरुग्राम की रवीना कश्यप और गाजियाबाद के धर्मेंद्र भारद्वाज समेत कई लोगों ने बागपत के घेवर का स्वाद लिया। लोगों ने स्टॉल पर रुककर घेवर बनाने की पूरी प्रक्रिया भी देखी। खास तरीके से तैयार होते घेवर को देखकर कई लोग उत्साहित नजर आए।

इस बार पहली बार एक जिला एक व्यंजन के तहत प्रदेश के सभी 75 जिलों के प्रसिद्ध व्यंजनों को ट्रेड शो में जगह दी गई है। इसमें बागपत के पारंपरिक घेवर को भी शामिल किया गया है। इसके जरिए जिले की इस पारंपरिक मिठाई को प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से आए लोगों और दूसरे बाजारों तक पहुंचने का अवसर मिल रहा है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.