यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में आयुष विभाग की शानदार प्रस्तुति, मिला सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन स्टॉल का पुरस्कार
ग्रेटर नोएडा: इंडियन एक्सपो मार्ट एंड सेंटर, ग्रेटर नोएडा में आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के चौथे संस्करण में उत्तर प्रदेश आयुष विभाग के स्टॉल को हॉल-4 में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन स्टॉल (Best Display Stand) का पुरस्कार मिला। इस उपलब्धि से आयुष विभाग की गतिविधियों, सेवाओं और प्रदेश में आयुष क्षेत्र के विकास के लिए किए जा रहे कार्यों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली।
आयुष विभाग के उप निदेशक डॉ. राम कृपाल, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी गौतम बुद्ध नगर डॉ. बंदना रानी, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी गाजियाबाद डॉ. अशोक राणा और जिला होम्योपैथी अधिकारी डॉ. प्रीति सिंघल ने स्टॉल पर पहुंचने वाले अतिथियों और आगंतुकों का स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश में आयुष चिकित्सा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।
आयुष चिकित्सा पद्धतियों और नवाचार की दी जानकारी
स्टॉल पर आगंतुकों को आयुष चिकित्सा पद्धतियों के साथ सुरक्षित एवं मानकीकृत औषधि निर्माण, गुणवत्ता नियंत्रण, अनुसंधान एवं नवाचार के बारे में जानकारी दी गई। आयुर्वेद, योग और पंचकर्म के साथ आयुर्वेद के वैश्वीकरण की संभावनाओं को भी प्रदर्शित किया गया।
इसके अलावा उत्तर प्रदेश को वेलनेस टूरिज्म के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के प्रयासों और गुणवत्तापूर्ण, साक्ष्य-आधारित एवं अनुसंधानपरक आयुर्वेदिक उपचार को बढ़ावा देने की दिशा में किए जा रहे कार्यों को भी स्टॉल के माध्यम से सामने रखा गया।
नाड़ी परीक्षा कर चिकित्सकों ने दिया स्वास्थ्य परामर्श
स्टॉल पर चिकित्सकों ने आगंतुकों की नाड़ी परीक्षा की और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया। साथ ही आयुर्वेदिक आहार-विहार, ऋतुचर्या और दिनचर्या के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने को लेकर व्यावहारिक जानकारी भी उपलब्ध कराई गई।
गौतमबुद्ध नगर की टीम ने निभाई अहम भूमिका
आयोजन में आयुष विभाग, जनपद गौतमबुद्ध नगर के सभी चिकित्साधिकारियों और कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता की। टीम ने स्टॉल के सफल संचालन, आगंतुकों के मार्गदर्शन और विभागीय गतिविधियों के प्रभावी प्रदर्शन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन स्टॉल का पुरस्कार आयुर्वेद विभाग और होम्योपैथी विभाग, जनपद गौतमबुद्ध नगर की टीम की समन्वित कार्यशैली और उत्कृष्ट प्रस्तुति का परिणाम रहा।