छोले-भटूरे की ‘दूसरी प्लेट’ ने खोला राज! प्रेमिका से मिलने पहुंचा पति, पत्नी ने बाजार में पकड़कर कर दी पिटाई

0 16

हापुड़: उत्तर प्रदेश के हापुड़ स्थित तीर्थनगरी बृजघाट में पति-पत्नी के बीच विवाद का एक मामला चर्चा में है। आरोप है कि एक शादीशुदा शख्स अपनी प्रेमिका से मिलने बृजघाट पहुंचा था और उसके लिए छोले-भटूरे पैक करवा रहा था। इसी दौरान पत्नी अपने परिवारवालों के साथ वहां पहुंच गई। पति को दो प्लेट छोले-भटूरे पैक करवाते देख पत्नी ने उससे सवाल किया और देखते ही देखते बीच बाजार हंगामा खड़ा हो गया।

मामले का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि विवाद के बाद मामला स्थानीय पुलिस चौकी तक पहुंचा, जहां पुलिस की मध्यस्थता और दोनों पक्षों की सहमति के बाद विवाद शांत कराया गया।

14 साल पहले हुई थी शादी, दो बेटों का पिता है अजय

जानकारी के मुताबिक, अजय नाम के शख्स की शादी करीब 14 साल पहले हुई थी। उसके दो बेटे हैं। उसकी पत्नी कविता का आरोप है कि अजय अक्सर काम पर जाने का बहाना बनाकर घर से निकलता था, लेकिन कथित तौर पर काम पर जाने के बजाय किसी दूसरी महिला से मिलने चला जाता था।

कविता के मुताबिक, परिवार के लोग अजय की इन हरकतों से काफी समय से परेशान थे। बीते दिन जब उसे जानकारी मिली कि अजय किसी दूसरी महिला के साथ बृजघाट में मौजूद है, तो वह अपने परिजनों के साथ वहां पहुंच गई।

गेस्ट हाउस के पास दो प्लेट छोले-भटूरे ने खींचा ध्यान

पत्नी और उसके परिवारवालों ने अजय को एक गेस्ट हाउस के पास दुकान से छोले-भटूरे की दो प्लेट पैक करवाते देखा। आरोप है कि अजय अपनी प्रेमिका के लिए नाश्ता ले जा रहा था। पत्नी ने उसे वहीं पकड़ लिया।

इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ गया। पत्नी ने अजय पर दूसरी महिला से मिलने का आरोप लगाते हुए सवाल-जवाब शुरू कर दिए और मामला मारपीट तक पहुंच गया।

अजय बोला- अकेला आया था, पत्नी ने पूछा- दूसरी प्लेट किसके लिए?

विवाद के दौरान अजय ने पत्नी के आरोपों को खारिज कर दिया। उसका कहना था कि उसके साथ कोई महिला नहीं थी और वह घर के मानसिक क्लेश से परेशान होकर अकेला बृजघाट आया था।

अजय की इस सफाई पर पत्नी ने सवाल उठाया कि अगर वह अकेला था, तो फिर छोले-भटूरे की दूसरी प्लेट किसके लिए पैक करवाई जा रही थी। इसी सवाल को लेकर दोनों के बीच विवाद और बढ़ गया।

पुलिस चौकी पहुंचा मामला, समझौते के बाद घर लौटे दोनों

बाजार में बढ़ते विवाद के बाद मामला स्थानीय पुलिस चौकी तक पहुंच गया। पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों की बात सुनी और मामले को शांत कराने की कोशिश की।

आखिरकार दोनों पक्षों की आपसी सहमति से विवाद सुलझा लिया गया। इसके बाद पति-पत्नी अपने घर लौट गए। हालांकि, बृजघाट में हुई यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.