Suzuki की नई इलेक्ट्रिक कार e-Sky लॉन्च, एक चार्ज में 310 किमी की रेंज; कीमत 9.48 लाख रुपये से शुरू

0 23

जापान: सुजुकी ने इलेक्ट्रिक कार बाजार में अपनी नई छोटी इलेक्ट्रिक कार e-Sky लॉन्च कर दी है। कंपनी ने इसे जापानी बाजार में पेश किया है। यह कार 26 kWh की एलएफपी बैटरी के साथ आती है और एक बार फुल चार्ज होने पर 310 किलोमीटर तक चलने का दावा किया गया है। सुजुकी ने इस कार को किफायती इलेक्ट्रिक वाहन के तौर पर पेश किया है। कंपनी की इलेक्ट्रिक वाहन रणनीति के लिहाज से इसे अहम कदम माना जा रहा है।

310 किलोमीटर की रेंज और खास बैटरी पैक

सुजुकी e-Sky में 26 kWh क्षमता वाला एलएफपी बैटरी पैक दिया गया है। कंपनी के मुताबिक, यह कार डब्ल्यूएलटीसी मानक के तहत एक बार चार्ज करने पर 310 किलोमीटर तक की दूरी तय कर सकती है। एलएफपी बैटरी तकनीक का इस्तेमाल लागत को नियंत्रित रखने के उद्देश्य से किया गया है।

इस इलेक्ट्रिक कार को HEARTECT-e नाम के खास मंच पर तैयार किया गया है। इसमें इलेक्ट्रिक मोटर, इन्वर्टर, रिडक्शन गियर और बैटरी पैक को एकीकृत किया गया है। कंपनी का लक्ष्य छोटी इलेक्ट्रिक कार के जरिए इस सेगमेंट में अपनी मौजूदगी मजबूत करना है।

दो वेरिएंट में पेश हुई कार, जानें कीमत

सुजुकी e-Sky को जापान में A और X नाम के दो वेरिएंट में उतारा गया है। इसके शुरुआती वेरिएंट की कीमत 21.2 लाख जापानी येन यानी लगभग 12.97 लाख रुपये रखी गई है। वहीं, X वेरिएंट की कीमत 27.9 लाख जापानी येन के बराबर बताई गई है, जो भारतीय मुद्रा में करीब 17.07 लाख रुपये होती है।

जापान में मिलने वाली 5.68 लाख येन की सीईवी सब्सिडी के बाद इसके बेस वेरिएंट की कीमत घटकर 15.5 लाख येन यानी लगभग 9.48 लाख रुपये रह जाती है। हालांकि, यह कीमत जापानी बाजार की सब्सिडी के आधार पर है।

BYS रैको से होगा मुकाबला

जापान में सुजुकी e-Sky का मुकाबला BYS रैको से होगा। इस इलेक्ट्रिक कार को जापानी बाजार में इसी साल जुलाई में लॉन्च किया गया था। छोटी इलेक्ट्रिक कारों के बढ़ते बाजार में दोनों मॉडलों के बीच प्रतिस्पर्धा देखने को मिल सकती है।

16 नवंबर तक शोरूम में पहुंचेगी कार

सुजुकी e-Sky को 16 नवंबर तक जापान के शोरूम में उपलब्ध कराने की योजना है। कंपनी की रणनीति जापानी बाजार में हर महीने लगभग 1,000 यूनिट बेचने की है। इसके अलावा, ब्रिटेन और यूरोप जैसे अंतरराष्ट्रीय बाजारों में इसे 2027 में लॉन्च किए जाने की उम्मीद है।

भारत में कब आएगी सुजुकी की इलेक्ट्रिक कार?

भारतीय बाजार में e-Sky के संभावित संस्करण को लेकर भी चर्चा है। यहां कंपनी की इलेक्ट्रिक कार को eWX कॉन्सेप्ट के आधार पर विकसित किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है। इस कॉन्सेप्ट को भारत में पहले ही पेटेंट कराया जा चुका है।

भारतीय बाजार के लिए प्रस्तावित मॉडल की लंबाई चार मीटर से कम हो सकती है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 10 लाख रुपये से कम रखे जाने की संभावना भी जताई गई है। हालांकि, भारत में इसकी लॉन्च तारीख, आधिकारिक कीमत और तकनीकी खूबियों को लेकर अभी पुष्टि नहीं हुई है। जापानी मॉडल के मुकाबले भारतीय संस्करण के आकार में कुछ बदलाव किए जाने की उम्मीद है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.