नवरात्रि से पहले गौतमबुद्धनगर में खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन, कुट्टू-सिंघाड़े के आटे के 3 नमूने जांच को भेजे, 55 किलो आटा सीज

0 35

गौतमबुद्धनगर: शारदीय नवरात्रि पर्व से पहले खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए गौतमबुद्धनगर में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर शनिवार को विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी करते हुए कुट्टू और सिंघाड़े के आटे के तीन नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए। वहीं प्रथम दृष्टया गुणवत्ता सही नहीं मिलने पर कुल 55 किलोग्राम कुट्टू का आटा सीज कर दिया गया।

कासना के किराना स्टोर से 40 किलो कुट्टू का आटा सीज

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार और विजय बहादुर पटेल की टीम ने यूनिवर्सिटी रोड, कासना स्थित सुरेश किराना स्टोर पर जांच की। यहां खुले कुट्टू के आटे का एक नमूना जांच के लिए लिया गया। इसके अलावा खरीद बिल उपलब्ध न होने और गुणवत्ता प्रथम दृष्टया सही नहीं लगने पर करीब 40 किलोग्राम कुट्टू का आटा सीज कर दिया गया।

सेक्टर-93 नोएडा की आटा चक्की पर भी कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमर बहादुर सरोज की टीम ने गेझा, सेक्टर-93 नोएडा स्थित शर्मा जी आटा चक्की का निरीक्षण किया। यहां कुट्टू के आटे का एक नमूना जांच के लिए लिया गया। साथ ही गुणवत्ता संतोषजनक नहीं प्रतीत होने पर लगभग 15 किलोग्राम कुट्टू का आटा सीज कर दिया गया।

सिंघाड़े के आटे का भी लिया गया नमूना

खाद्य सुरक्षा अधिकारी विशाल कुमार गुप्ता और ओ.पी. सिंह की टीम ने अमलतास मार्केट, सेक्टर-34 नोएडा स्थित परिवार आटा एवं मसाला चक्की पर जांच की। यहां से सिंघाड़े के आटे का एक नमूना संग्रहित किया गया। इस तरह कुल तीन नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं।

खाद्य कारोबारियों को जारी की गई सख्त हिदायत

विभाग ने सभी खाद्य सामग्री विक्रेताओं को निर्देश दिए हैं कि वे केवल खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत लाइसेंसी या पंजीकृत आपूर्तिकर्ताओं से ही खाद्य सामग्री खरीदें। साथ ही खरीद का बिल अवश्य रखें तथा निर्माण तिथि, बैच नंबर और अन्य आवश्यक विवरण जांचने के बाद ही खाद्य सामग्री की बिक्री करें।

जांच अभियान आगे भी रहेगा जारी

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने कहा कि जिलाधिकारी के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग का विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा। अभियान का उद्देश्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच कर जनपदवासियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप शुद्ध और सुरक्षित खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराना है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.