नवरात्रि से पहले गौतमबुद्धनगर में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, मसाला फैक्ट्री से 13 नमूने लिए गए; 3759 किलो सामग्री सीज

0 32

गौतमबुद्धनगर: शारदीय नवरात्रि पर्व को देखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए गौतमबुद्धनगर में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। जिलाधिकारी के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित धर्मेश इंडस्ट्रीज मसाला निर्माण इकाई पर छापेमारी कर मसालों के 13 नमूने जांच के लिए संग्रहित किए हैं। वहीं बड़ी मात्रा में संदिग्ध सामग्री को सीज कर संबंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।

इटहेरा स्थित मसाला फैक्ट्री में देर रात तक चली कार्रवाई

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि शुक्रवार देर शाम खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने थाना बिसरख क्षेत्र के ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित इटहेरा में धर्मेश इंडस्ट्रीज मसाला निर्माण इकाई का निरीक्षण किया। जांच के दौरान टीम को बड़ी मात्रा में मसाला निर्माण में इस्तेमाल की जा रही सामग्री मिली।

मिर्च, हल्दी और धनिया समेत कई सामग्री बरामद

जांच के दौरान मौके से 125 किलोग्राम मिर्च बीज, 1050 किलोग्राम हल्दी पाउडर, 315 किलोग्राम धनिया पाउडर, 525 किलोग्राम मिर्च पाउडर, 360 किलोग्राम धनिया के टुकड़े, 140 किलोग्राम साबुत हल्दी, 600 किलोग्राम धनिया की डंडी की भूसी, 180 किलोग्राम अन्य सामग्री में डंडी और मिर्च बीज मिश्रित सामग्री, 100 किलोग्राम सोयाबीन की बड़ी, 300 किलोग्राम साबुत मिर्च, 2 किलोग्राम पीला रंग, 2 किलोग्राम लाल रंग और 60 किलोग्राम सरसों का तेल बरामद किया गया।

विभाग के अनुसार इन सामग्रियों को मिलाकर मसाले तैयार किए जा रहे थे।

अपमिश्रकों सहित 13 नमूने जांच के लिए भेजे गए

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने पीला रंग, लाल रंग और भूसी जैसे अपमिश्रकों सहित कुल 13 नमूने जांच के लिए एकत्र किए हैं। वहीं शेष लगभग 3759 किलोग्राम सामग्री को सीज कर दिया गया है।

फैक्ट्री संचालक के खिलाफ एफआईआर, लाइसेंस निरस्त करने की तैयारी

विभाग ने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ थाने में सुसंगत धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कराई है। इसके साथ ही इकाई का लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। यह कार्रवाई देर रात तक जारी रही।

अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओ.पी. सिंह, विशाल कुमार गुप्ता, विजय बहादुर पटेल, रविंद्र नाथ वर्मा, मुकेश कुमार और रितु सक्सैना शामिल रहे।

खाद्य प्रतिष्ठानों पर आगे भी जारी रहेगा अभियान

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशन में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच का अभियान आगे भी जारी रहेगा। इस दौरान खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उनकी जांच कराई जाएगी, ताकि जनपदवासियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध हो सकें।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.