यूपी में दिव्यांगों के हुनर को मिलेगा बड़ा बाजार, सभी मंडलों में लगेंगे दीपावली मेले; लाखों का बजट जारी

0 26
लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार दिव्यांगजनों के हुनर को पहचान दिलाने और उनके बनाए उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने की पहल कर रही है। इसके तहत दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग प्रदेश के सभी मंडलों में दीपावली मेले आयोजित करेगा। इन मेलों में दिव्यांगजनों द्वारा तैयार किए गए हस्तनिर्मित सामान और दूसरे उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही उन्हें सीधे ग्राहकों तक अपने उत्पाद पहुंचाने और बिक्री करने का अवसर भी मिलेगा।

इस पहल का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों को रोजगार और आय के नए अवसर उपलब्ध कराकर आत्मनिर्भर बनाना है। विभाग ने मेले के आयोजन के लिए मंडलवार बजट भी निर्धारित किया है।

लखनऊ मंडल को 7 लाख, अन्य मंडलों को 3 लाख रुपये

दीपावली मेले के आयोजन के लिए लखनऊ मंडल को सात लाख रुपये का बजट दिया गया है। वहीं, प्रदेश के अन्य प्रत्येक मंडल के लिए तीन लाख रुपये की धनराशि निर्धारित की गई है।

दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग ने सभी मंडलों के उपनिदेशकों और जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारियों को आयोजन की तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा शेष मंडलों और जिलों से मेले के आयोजन से संबंधित प्रस्ताव जल्द उपलब्ध कराने को कहा गया है।

दिव्यांगों के उत्पादों को मिलेगा सीधा बाजार

इन मेलों के जरिए दिव्यांगजनों को अपने हाथों से तैयार किए गए उत्पादों को प्रदर्शित करने और बेचने का मौका मिलेगा। इससे उन्हें अपने सामान के प्रचार-प्रसार के साथ नए ग्राहक बनाने में भी मदद मिलेगी।

मेले उनके लिए एक ऐसा मंच बनेंगे, जहां वे बिचौलियों के बजाय सीधे ग्राहकों तक पहुंचकर अपने उत्पादों की बिक्री कर सकेंगे। इससे उनके कौशल को पहचान मिलने के साथ आर्थिक रूप से मजबूत बनने के अवसर भी बढ़ेंगे।

आत्मनिर्भर बनाने पर सरकार का जोर

दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के निदेशक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश सरकार दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सभी मंडलों में दीपावली मेले आयोजित कर रही है। विभाग का प्रयास है कि दिव्यांगजनों की प्रतिभा और मेहनत से तैयार उत्पादों को बेहतर मंच मिले, जिससे वे अपने हुनर के जरिए रोजगार और आय के अवसर हासिल कर सकें।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.