गौतमबुद्धनगर में 32 केंद्रों पर PET-2026 परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न, दोनों पालियों में 9,008 अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित
दो पालियों में हुई परीक्षा
परीक्षा की पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित हुई, जबकि दूसरी पाली का समय दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित था। दोनों पालियों में अभ्यर्थियों के प्रवेश, परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया गया।
पहली पाली में 4,532 अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित
जिला विद्यालय निरीक्षक के अनुसार, पहली पाली में जिले के 32 परीक्षा केंद्रों पर कुल 14,424 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 9,892 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 4,532 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
दूसरी पाली में भी 14,424 अभ्यर्थियों का पंजीकरण था। इस दौरान 9,948 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में हिस्सा लिया और 4,476 अभ्यर्थी परीक्षा देने नहीं पहुंचे।
सीसीटीवी से हुई निगरानी, सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से कराने के लिए जिला प्रशासन ने सभी जरूरी प्रबंध किए थे। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ अभ्यर्थियों के प्रवेश की निगरानी की गई। सीसीटीवी कैमरों के जरिए भी परीक्षा केंद्रों पर नजर रखी गई। इसके अलावा आयोग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराया गया।
अधिकारियों और कर्मचारियों ने संभाली जिम्मेदारी
परीक्षा के सफल आयोजन में नामित सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापकों और संबंधित विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों ने अपनी निर्धारित जिम्मेदारियां निभाईं। जिला प्रशासन की ओर से परीक्षा के दौरान व्यवस्थाओं और सुरक्षा प्रबंधों की लगातार निगरानी की गई।