देश के कई राज्यों में बदलेगा मौसम, दक्षिण और पूर्वोत्तर में भारी बारिश का अलर्ट; दिल्ली-NCR में बढ़ेगा कोहरा

0 16

नई दिल्ली: देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में सुबह के समय धुंध और कोहरे का असर दिखाई देने लगा है, जबकि दक्षिण भारत, तटीय क्षेत्रों और पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश की गतिविधियां तेज होने का अनुमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने तमिलनाडु, केरल, पुडुचेरी समेत कई राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। वहीं दिल्ली-NCR में सुबह कोहरा छाने की संभावना है। उत्तर प्रदेश और बिहार में फिलहाल मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

दिल्ली-NCR में सुबह धुंध, दिन में साफ रहेगा मौसम

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में शनिवार को दिनभर आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है। हालांकि, सुबह के शुरुआती घंटों में कुछ जगहों पर हल्का कोहरा और धुंध छा सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जो सामान्य से करीब 1.6 से 3 डिग्री कम होगा। वहीं न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

सुबह उत्तर-पश्चिम दिशा से करीब 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। दोपहर में इनकी गति बढ़कर 15 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। फिलहाल बारिश के आसार नहीं हैं, लेकिन 8 और 9 नवंबर को सुबह मध्यम कोहरा छाने से दृश्यता प्रभावित हो सकती है।

तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में भारी बारिश की चेतावनी

दक्षिण भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। IMD ने तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 7 से 10 नवंबर तक गरज-चमक के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं केरल और माहे में 8 नवंबर तक तेज बारिश होने की आशंका जताई गई है।

इन क्षेत्रों में बिजली गिरने के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हवा के झोंकों की गति कुछ समय के लिए 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। तटीय आंध्र प्रदेश और यानम में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

पूर्वोत्तर राज्यों में 12 नवंबर तक बारिश का अनुमान

दक्षिण भारत के अलावा पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भी मौसम सक्रिय रहेगा। ओडिशा में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में 8 से 12 नवंबर के बीच बारिश का दायरा बढ़ सकता है। यहां 9 से 11 नवंबर के दौरान भारी बारिश का अनुमान है।

असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में 8 से 12 नवंबर तक मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इन राज्यों में 10 और 11 नवंबर को भारी बारिश हो सकती है। वहीं नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 7 से 12 नवंबर तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

इसके अलावा पश्चिम बंगाल के मैदानी इलाकों और झारखंड में 9 नवंबर से हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियां शुरू हो सकती हैं।

यूपी और बिहार में त्योहार के दौरान मौसम रहेगा शुष्क

उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में जहां सुबह कोहरे और धुंध का असर बढ़ने लगा है, वहीं उत्तर प्रदेश और बिहार के लिए फिलहाल राहत की खबर है। मौसम विभाग के अनुसार, इन दोनों राज्यों में मौसम शुष्क बना रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है। ऐसे में त्योहार के दौरान बारिश से जनजीवन प्रभावित होने के आसार नहीं हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.