नई दिल्ली: दीवाली का त्योहार खुशियों और रौनक के साथ पटाखों से निकलने वाले धुएं और प्रदूषण की चुनौती भी लेकर आता है। खासकर दिल्ली जैसे शहरों में त्योहार के आसपास वायु प्रदूषण बढ़ने से त्वचा पर भी इसका असर पड़ सकता है। अक्सर लोग दीवाली बीतने के बाद त्वचा की देखभाल पर ध्यान देते हैं, जबकि त्योहार से पहले और उसके दौरान भी स्किनकेयर जरूरी है। इन दिनों धूल, धुएं और प्रदूषक तत्वों के संपर्क में आने से त्वचा रूखी और बेजान हो सकती है। ऐसे में कुछ आसान उपाय अपनाकर त्वचा को सुरक्षित रखने में मदद मिल सकती है।
दीवाली से पहले त्वचा को रखें हाइड्रेट
त्वचा को स्वस्थ रखने के लिए पर्याप्त नमी जरूरी है। त्योहार की तैयारियों और भागदौड़ के बीच पानी पीना न भूलें। अपनी डाइट में जूस भी शामिल कर सकते हैं। इसके साथ ही अधिक चीनी और पैकेट वाले खाद्य पदार्थों के सेवन से बचें। शरीर में पर्याप्त पानी होने से त्वचा की नमी बनाए रखने में मदद मिलती है।
मॉइश्चराइजर से त्वचा को दें सुरक्षा
दीवाली के आसपास हवा में नमी कम होने और प्रदूषण के कारण त्वचा में रूखापन बढ़ सकता है। इससे बचने के लिए अपनी त्वचा के प्रकार के अनुसार मॉइश्चराइजर का इस्तेमाल करें। स्किनकेयर उत्पादों में हाइल्यूरोनिक एसिड और सेरामाइड्स जैसे तत्व शामिल किए जा सकते हैं, जो त्वचा की नमी बनाए रखने में मदद करते हैं।
त्योहार से ठीक पहले केमिकल पील और बहुत ज्यादा एक्सफोलिएशन करने से बचें। इस दौरान त्वचा पर जरूरत से ज्यादा प्रयोग करने से परेशानी बढ़ सकती है।
सनस्क्रीन लगाना न भूलें
धूप की किरणें और प्रदूषण मिलकर त्वचा पर पिगमेंटेशन और ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस का खतरा बढ़ा सकते हैं। इससे बचाव के लिए ब्रॉड स्पेक्ट्रम सनस्क्रीन का इस्तेमाल करें। एसपीएफ 30 या उससे अधिक वाली सनस्क्रीन त्वचा को सूरज की हानिकारक किरणों से बचाने में मदद करती है। घर से बाहर निकलते समय इसे लगाना न भूलें।
पटाखों के धुएं से चेहरे को बचाएं
दीवाली पर पटाखे जलाते समय कोशिश करें कि उनका धुआं सीधे चेहरे के संपर्क में न आए। इसके लिए स्कार्फ या दुपट्टे से चेहरा ढक सकते हैं। साथ ही प्रदूषण वाले वातावरण में मास्क पहनना भी जरूरी है। इससे धुएं और हवा में मौजूद प्रदूषक तत्वों के संपर्क को कम करने में मदद मिल सकती है।
हेवी मेकअप से बनाएं दूरी
त्योहार के दौरान मेकअप करना आम बात है, लेकिन प्रदूषण के बीच भारी मेकअप त्वचा के लिए परेशानी बढ़ा सकता है। फाउंडेशन, कॉम्पैक्ट पाउडर और कंसीलर की मोटी परत त्वचा के रोमछिद्रों को बंद कर सकती है। इससे बचने के लिए हल्का मेकअप चुनें। अगर मेकअप करना जरूरी हो, तो नॉन-कॉमेडोजेनिक उत्पादों का इस्तेमाल करें, ताकि रोमछिद्रों के बंद होने की आशंका कम रहे।