छठ पर घर जाने वालों के लिए रेलवे का बड़ा तोहफा, 650 स्पेशल ट्रेनें चलेंगी; 15 मिनट में मिलेगी ‘ट्रेन ऑन डिमांड’ की सुविधा

0 19

नई दिल्ली: छठ महापर्व पर घर जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने इस बार बड़े स्तर पर तैयारियां की हैं। पिछले साल के मुकाबले स्पेशल ट्रेनों की संख्या 400 से बढ़ाकर 650 कर दी गई है। इसके अलावा नियमित ट्रेनों में भी 25 फीसदी अतिरिक्त कोच लगाए गए हैं। रेलवे का मकसद त्योहार के दौरान यात्रियों को ज्यादा से ज्यादा सीटें उपलब्ध कराने के साथ स्टेशनों पर भीड़ को नियंत्रित करना है।

उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) नीरज उपाध्याय ने बताया कि पिछले साल करीब 400 स्पेशल ट्रेनें चलाई गई थीं, जबकि इस बार इनकी संख्या बढ़ाकर 650 कर दी गई है। यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए अतिरिक्त कोच लगाने का भी फैसला किया गया है।

मांग बढ़ते ही 15 मिनट में चलेगी स्पेशल ट्रेन

रेलवे ने इस बार ‘ट्रेन ऑन डिमांड’ की व्यवस्था भी लागू की है। इसके तहत किसी खास दिशा या गंतव्य के लिए यात्रियों की संख्या अचानक बढ़ने और जनरल टिकटों की बिक्री में तेजी आने पर अतिरिक्त ट्रेन चलाई जाएगी। यदि उस रूट पर नियमित ट्रेन में पर्याप्त जगह उपलब्ध नहीं है, तो रेलवे नई ट्रेन चलाने की व्यवस्था करेगा।

नीरज उपाध्याय के मुताबिक, मांग सामने आने और ट्रेन चलाने की घोषणा के करीब 15 मिनट के भीतर नई दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन और आनंद विहार रेलवे स्टेशन से ट्रेन रवाना करने की व्यवस्था की गई है।

उन्होंने बताया कि दिल्ली क्षेत्र से 10 नवंबर को करीब 31 स्पेशल ट्रेनें चलाई गईं। 11 नवंबर को 31 से अधिक ट्रेनें चलाने की योजना है, जबकि 12 नवंबर को करीब 29 से 30 अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जाएंगी। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन क्षेत्र में नियमित ट्रेनों के अलावा 30 से 35 ट्रेन ऑन डिमांड और स्पेशल ट्रेनें भी संचालित की जा रही हैं।

नई दिल्ली और आनंद विहार में बने बड़े होल्डिंग एरिया

त्योहार के दौरान रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ को संभालने के लिए अलग-अलग होल्डिंग एरिया तैयार किए गए हैं। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर करीब 6,000 वर्ग मीटर का होल्डिंग एरिया बनाया गया है। वहीं, आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर 3,000 वर्ग मीटर जगह निर्धारित की गई है।

आरक्षित श्रेणी के यात्रियों के लिए भी करीब 2,500 वर्ग मीटर का अलग होल्डिंग एरिया तैयार किया गया है। इसके अलावा सामान की जांच में लगने वाले समय को कम करने के लिए बैगेज स्कैनिंग मशीनों की संख्या बढ़ाई गई है। रेलवे की कोशिश है कि प्लेटफॉर्म पर बेवजह भीड़ जमा न हो और यात्रियों को ट्रेन आने के समय ही प्लेटफॉर्म पर जाने की अनुमति मिले।

700 AI कैमरों से निगरानी, पहली बार शुरू हुआ हेड काउंट सिस्टम

भीड़ प्रबंधन के लिए रेलवे ने आधुनिक तकनीक का सहारा लिया है। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर करीब 700 AI आधारित सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके साथ ही पहली बार AI आधारित हेड काउंट सिस्टम भी शुरू किया गया है। इस तकनीक से स्टेशन के किसी खास स्थान पर मौजूद यात्रियों की अनुमानित संख्या का पता लगाया जा सकता है।

इससे रेलवे अधिकारियों को भीड़ की स्थिति पर नजर रखने और जरूरत पड़ने पर समय रहते कदम उठाने में मदद मिल रही है। नीरज उपाध्याय ने बताया कि दिल्ली क्षेत्र में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के कर्मचारियों की संख्या भी करीब 60 प्रतिशत बढ़ाई गई है। फुटओवर ब्रिज, एस्केलेटर और सीढ़ियों जैसे संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। यात्रियों की सुविधा के लिए टिकटिंग व्यवस्था का भी विस्तार किया गया है।

छठ सीजन में करीब 6,200 ट्रेनों का संचालन

रेलवे अधिकारी के अनुसार, इस छठ सीजन में करीब 6,200 ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। यात्रियों की मांग और जरूरत के हिसाब से अतिरिक्त ट्रेनें भी चलाई जा रही हैं। रेलवे का फुटफॉल पिछले साल की तुलना में करीब 25 से 30 प्रतिशत बढ़ा है।

ऐसे में रेलवे का जोर अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन, स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रण और यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने पर है। छठ के मौके पर घर लौटने वाले लोगों को राहत देने के लिए रेलवे जरूरत के मुताबिक नई स्पेशल ट्रेनों की घोषणा भी कर रहा है। इसी कड़ी में दिल्ली से पटना और मुंबई से दानापुर व रक्सौल के लिए भी स्पेशल ट्रेनें चलाने की घोषणा की गई है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.