गौतमबुद्धनगर में 17 नवंबर को जारी होगी मतदाता सूची की ड्राफ्ट कॉपी, राजनीतिक दलों को भी मिलेगी पूरी सूची

0 19

गौतमबुद्धनगर: उत्तर प्रदेश में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 17 नवंबर 2026 को मतदाता सूची का आलेख्य यानी प्रारूप प्रकाशित किया जाएगा। इस संबंध में गौतमबुद्धनगर के अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने आम लोगों को जानकारी दी है।

उन्होंने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूचियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कराया जा रहा है। इसी प्रक्रिया के तहत 17 नवंबर को निर्वाचक नामावलियों का प्रारूप प्रकाशित होगा।

मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को भी मिलेगी मतदाता सूची

उप जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, भारत निर्वाचन आयोग की ओर से जारी ‘मैनुअल ऑन इलेक्टोरल रोल्स, 2023’ के अध्याय-25 के प्रस्तर 25.3.1 में दिए गए निर्देशों के तहत एकीकृत विधानसभा निर्वाचक नामावलियों का पूरा सेट तैयार किया जाएगा।

आलेख्य प्रकाशन के दिन यानी 17 नवंबर 2026 को दोपहर 12 बजे तक विधानसभा क्षेत्रवार मतदाता सूचियों का पूरा सेट जिले के निर्वाचन कार्यालय से सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराया जाएगा।

यह सूची हार्ड कॉपी और सॉफ्ट कॉपी, दोनों प्रारूपों में दी जाएगी। जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से यह व्यवस्था विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत की गई है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.