दिल्ली-NCR में बढ़ते प्रदूषण के बीच गौतमबुद्धनगर के स्कूलों को आदेश, कक्षा 5 तक के बच्चों की पढ़ाई अब हाइब्रिड मोड में होगी
गौतमबुद्धनगर: दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण की गंभीर स्थिति को देखते हुए ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP-III) लागू होने के बाद गौतमबुद्धनगर के स्कूलों के लिए नया आदेश जारी किया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार ने जिले के सभी परिषदीय, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त विद्यालयों को कक्षा 5 तक के विद्यार्थियों की पढ़ाई तत्काल प्रभाव से हाइब्रिड मोड में संचालित करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत बच्चों को स्कूल में ऑफलाइन पढ़ाई के साथ ऑनलाइन कक्षाओं का विकल्प भी देना होगा।
CAQM के आदेश के बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जारी किया निर्देश
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से 7 नवंबर 2026 को जारी आदेश में बताया गया है कि वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने 6 नवंबर को दिल्ली-एनसीआर में GRAP-III लागू करने का आदेश दिया था। आयोग के निर्देश के तहत दिल्ली के साथ गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर में कक्षा 5 तक के बच्चों के लिए स्कूलों को हाइब्रिड मोड में कक्षाएं संचालित करना अनिवार्य किया गया है।
हाइब्रिड व्यवस्था का मतलब है कि विद्यार्थियों को भौतिक यानी स्कूल में उपस्थित होकर पढ़ने और ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाई करने, दोनों का विकल्प दिया जाएगा। हालांकि, ऑनलाइन कक्षाओं की सुविधा जहां उपलब्ध और व्यावहारिक होगी, वहीं इसे लागू किया जाएगा।
अन्य एनसीआर क्षेत्रों में भी विचार करने का निर्देश
CAQM के आदेश के क्लॉज 8(ii) में एनसीआर के अन्य क्षेत्रों में भी कक्षा 5 तक के विद्यार्थियों के लिए इसी तरह हाइब्रिड मोड में पढ़ाई कराने पर विचार करने की बात कही गई है। आयोग के निर्देशों के आधार पर गौतमबुद्धनगर में यह व्यवस्था लागू करने का आदेश जारी किया गया है।
लापरवाही पर होगी कार्रवाई
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार ने जिले के सभी परिषदीय, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और प्रबंधकों को निर्देश दिया है कि वे तत्काल प्रभाव से आदेश का पालन सुनिश्चित करें। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि निर्देशों की अनदेखी या किसी भी तरह की लापरवाही सामने आने पर संबंधित विद्यालय के खिलाफ नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।