मनीला में आज मोदी-ट्रंप की मुलाकात, दो साल बाद एक मंच पर जुटेंगे क्वाड के चारों नेता; चीन से लेकर समुद्री सुरक्षा तक पर होगी चर्चा

0 13

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिलीपींस दौरे का मंगलवार को दूसरा दिन है। मनीला में आज उनकी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात होने वाली है। इसके अलावा दोनों नेता जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के साथ क्वाड की बैठक में भी शामिल होंगे। इस बैठक में हिंद-प्रशांत क्षेत्र की सुरक्षा, समुद्री सहयोग और रणनीतिक आपूर्ति श्रृंखला जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।

मनीला में शाम को होने वाली क्वाड बैठक में चारों देशों के शीर्ष नेता हिस्सा लेंगे। एजेंडे में समुद्री सुरक्षा, महत्वपूर्ण खनिजों और सेमीकंडक्टर की आपूर्ति के लिए चीन पर निर्भरता कम करना, कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाना और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में बुनियादी ढांचे से जुड़ी परियोजनाओं को आगे बढ़ाना शामिल है। इसके साथ ही जलवायु परिवर्तन और स्वास्थ्य सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी विचार-विमर्श होगा।

पांच महीने बाद आमने-सामने होंगे मोदी और ट्रंप

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की यह मुलाकात करीब पांच महीने बाद हो रही है। इससे पहले दोनों नेताओं की आखिरी द्विपक्षीय मुलाकात 17 जून 2026 को फ्रांस के एवियन में आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान हुई थी।

इस बैठक की एक और खास बात यह है कि करीब दो साल बाद क्वाड के चारों देशों के नेता एक साथ बैठक करेंगे। पिछली क्वाड शिखर बैठक सितंबर 2024 में अमेरिका के डेलावेयर में हुई थी। ऐसे समय में चारों नेताओं का मनीला में जुटना अहम माना जा रहा है, जब दक्षिण चीन सागर में चीन की गतिविधियों को लेकर फिलीपींस और चीन के बीच तनाव बना हुआ है।

चीन दौरे से पहले ट्रंप की क्वाड नेताओं से मुलाकात पर नजर

मनीला में क्वाड की बैठक ऐसे समय हो रही है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप का चीन दौरा भी प्रस्तावित है। खबरों के मुताबिक, वह चीन में राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ बैठक करने वाले हैं। ऐसे में चीन जाने से पहले मोदी और अन्य क्वाड नेताओं के साथ उनकी मुलाकात को हिंद-प्रशांत क्षेत्र में अमेरिकी रणनीतिक प्रतिबद्धता के संदर्भ में देखा जा रहा है।

ट्रंप ने बैठक से पहले संकेत दिया है कि उनकी बातचीत में ईरान और यूक्रेन के मुद्दे भी शामिल हो सकते हैं। हालांकि, क्वाड की बैठक का मुख्य फोकस चारों देशों के साझा हितों और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, समृद्धि तथा सुरक्षा पर रहेगा।

ईस्ट एशिया समिट में भी हिस्सा लेंगे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी सोमवार को आसियान शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए मनीला पहुंचे थे। मंगलवार को वह 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें ईस्ट एशिया समिट में हिस्सा लेंगे। दोपहर 12 बजे ईस्ट एशिया समिट में उनकी भागीदारी प्रस्तावित है। इसके बाद दोपहर 2 बजे वह फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।

भारत और आसियान इस वर्ष को आसियान-भारत समुद्री सहयोग वर्ष के रूप में मना रहे हैं। वर्ष 2027 में दोनों के संबंधों के 35 साल पूरे होंगे। इसी दौरान भारत और आसियान की व्यापक रणनीतिक साझेदारी के पांच वर्ष भी पूरे होंगे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.