‘कथा-पूजा करना हमारा संवैधानिक अधिकार’, विरोध करने वालों को राजा भैया का दोटूक जवाब; 3 हजार कार्यकर्ताओं को सौंपी जिम्मेदारी
प्रतापगढ़: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के कुंडा में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की रामकथा को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष और विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने कथा का विरोध करने वालों को जवाब देते हुए कहा कि श्रीराम कथा, भागवत और विधि-विधान से पूजा-अर्चना करना हर व्यक्ति का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने विरोधियों से संविधान के अनुच्छेद 25 और 26 पढ़ने की भी बात कही।
राजा भैया ने बताया कि रामकथा की कलश शोभायात्रा के लिए रूट तय कर दिया गया है। इसके तहत कुंडा, कालाकांकर, बाबागंज और बिहार ब्लॉक में शोभायात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने कहा कि शुभ कार्यों में बाधा डालने वाले तत्वों का विरोध कोई नई बात नहीं है।
रामकथा की व्यवस्था में जुटेंगे 3 हजार कार्यकर्ता
राजा भैया ने कथा के आयोजन की जिम्मेदारी संभालने के लिए तीन हजार कार्यकर्ताओं को अलग-अलग दलों में बांटा है। इनमें हनुमान दल, जामवंत दल और अंगद दल शामिल हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि कथा पंडाल में किसी की तबीयत बिगड़ने पर बिना शोर-शराबा किए तत्काल डॉक्टर के पास पहुंचाने की व्यवस्था करें।
उन्होंने यह भी बताया कि पाकिस्तान से आए 500 हिंदू शरणार्थी रामकथा सुनने पहुंचेंगे। उनके ठहरने और भोजन के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
‘भारत कोई इस्लामी राष्ट्र नहीं, जहां कथावाचन पर प्रतिबंध लगे’
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के कथावाचन कार्यक्रमों पर प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर राजा भैया ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का नाम लिए बिना निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भारत कोई इस्लामी राष्ट्र नहीं है, जहां कथावाचन पर प्रतिबंध लगाया जाए।
दरअसल, भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण को लेकर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथित विवादित टिप्पणियों के बाद उनका विरोध हो रहा है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव और पार्टी के कुछ सांसदों ने उनके कथावाचन कार्यक्रमों पर रोक लगाने की मांग की है।
पाकिस्तान से आए हिंदू शरणार्थियों की नागरिकता पर भी बोले
राजा भैया ने पाकिस्तान से आए हिंदू शरणार्थियों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तान में हिंदुओं की आबादी पहले करीब 23 प्रतिशत थी, जो अब घटकर लगभग एक प्रतिशत रह गई है।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान से भारत आए हिंदू शरणार्थी नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के तहत भारतीय नागरिकता हासिल करना चाहते हैं।
भानवी कुमारी ने भी जताई रामकथा सुनने की इच्छा
इस बीच राजा भैया की पत्नी भानवी कुमारी ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए अपनी इच्छा जाहिर की है। उन्होंने ससुराल जाकर रामकथा सुनने और बाबा बागेश्वर के दर्शन करने की इच्छा जताई। इसके लिए उन्होंने अपने ‘हजूर’ यानी रघुराज प्रताप सिंह से अवसर देने की उम्मीद भी व्यक्त की है।