‘अमित भाई के खिलाफ बोलने का क्या हक है?’ उद्धव ठाकरे पर भड़के एकनाथ शिंदे, बोले- सुर्खियों में बने रहने के लिए दे रहे बयान

0 18
नई दिल्ली: महाराष्ट्र में शिवसेना के दोनों गुटों के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें अमित शाह के खिलाफ बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। शिंदे ने आरोप लगाया कि उद्धव ठाकरे मीडिया में चर्चा में बने रहने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री पर टिप्पणियां करते हैं।

यह विवाद पुणे में अमित शाह के उस कार्यक्रम के बाद बढ़ा, जिसमें उन्होंने दिवंगत अजित पवार की प्रतिमा का अनावरण किया था। इस दौरान शाह ने अजित पवार के निधन को महाराष्ट्र के लिए बड़ा नुकसान बताया था। इसके बाद उद्धव ठाकरे ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी ने ही पहले अजित पवार पर 70 हजार करोड़ रुपये के घोटाले के आरोप लगाए थे और उनका जीना मुश्किल कर दिया था।

‘2019 में जनता के साथ विश्वासघात किया’

एकनाथ शिंदे ने मंगलवार को उद्धव ठाकरे पर 2019 में भाजपा के साथ गठबंधन तोड़ने और जनादेश का अनादर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा और शिवसेना ने साथ मिलकर चुनाव लड़ा था, लेकिन बाद में उद्धव ठाकरे ने दूसरे दलों के साथ सरकार बनाने का फैसला किया।

शिंदे ने कहा कि जिन्होंने महाराष्ट्र की 13.5 करोड़ जनता और भाजपा-शिवसेना गठबंधन के मतदाताओं के साथ विश्वासघात किया, उन्हें अमित शाह के खिलाफ बोलने का नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि उद्धव ठाकरे को अब प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह पर टिप्पणी करके ही मीडिया में सुर्खियां मिलती हैं।

‘मोदी और शाह ने बालासाहेब का सपना पूरा किया’

शिंदे ने अनुच्छेद 370 हटाने और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाना और राम मंदिर का निर्माण बालासाहेब ठाकरे के सपनों में शामिल था।

उनके मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इन दोनों कामों को पूरा किया। शिंदे ने कहा कि ऐसे कामों के लिए उनकी सराहना करने के बजाय उन पर आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि महाराष्ट्र और देश की जनता इन मुद्दों को समझती है।

उद्धव ठाकरे ने अमित शाह से मांगी थी माफी की मांग

इससे पहले उद्धव ठाकरे ने पुणे में अजित पवार की प्रतिमा के अनावरण को लेकर अमित शाह पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि प्रतिमा का अनावरण करने के बाद शाह को अजित पवार से माफी मांगनी चाहिए थी।

ठाकरे ने आरोप लगाया था कि भाजपा ने ही अजित पवार पर 70 हजार करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप लगाया था। उन्होंने सवाल उठाया कि जिन नेताओं ने पहले ऐसे आरोप लगाए, वे अब उनकी प्रतिमा का अनावरण कैसे कर सकते हैं।

इसी बयान के बाद शिंदे ने उद्धव ठाकरे पर पलटवार किया है। दोनों नेताओं के बीच इस मुद्दे पर जुबानी जंग ने महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर शिवसेना के दोनों गुटों के बीच टकराव को चर्चा में ला दिया है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.