थाने में ही पुलिसकर्मियों पर चाकू से टूट पड़ा आरोपी! पांच जवान घायल, जवाबी फायरिंग में दोनों पैरों में लगी गोली
पूछताछ के दौरान अचानक किया हमला
पुलिस के मुताबिक, नबील को अपनी मां और बहन से जुड़े पारिवारिक विवाद की शिकायत के संबंध में जामा मस्जिद थाने बुलाया गया था। थाने में पूछताछ के दौरान उसने अचानक चाकू निकालकर पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। इस वारदात में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए।
घटना के बाद सभी घायलों को उपचार के लिए संजीवन अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से तीन पुलिसकर्मियों की हालत गंभीर बताई गई है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, दो अन्य घायल पुलिसकर्मियों का संजीवनी अस्पताल में इलाज जारी है।
थाने से भागकर लूटा दोपहिया वाहन
पुलिसकर्मियों पर हमला करने के बाद आरोपी थाने से फरार हो गया। भागने के लिए उसने एक दोपहिया वाहन भी लूट लिया। इसके बाद सेंट्रल जिले की ऑपरेशंस यूनिट की टीम ने उसकी तलाश शुरू की। पुलिस ने आरोपी को चितली कबर इलाके में ट्रैक कर लिया।
दोबारा हमला करने पर पुलिस ने चलाई गोली
पुलिस टीम ने जब नबील को पकड़ने की कोशिश की तो उसने एक बार फिर पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। इसके बाद पुलिस ने खतरे को रोकने और आरोपी को काबू में करने के लिए फायरिंग की। गोलीबारी में उसके दोनों पैरों में गोली लगी। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है और घायल पुलिसकर्मियों का अस्पताल में उपचार जारी है।