पेंशनरों के लिए बड़ी सुविधा! 26 नवंबर को दनकौर ब्लॉक में लगेगा विशेष शिविर, मौके पर बनेगा डिजिटल जीवित प्रमाण पत्र

0 25
गौतमबुद्धनगर: पेंशनरों को जीवित प्रमाण पत्र जमा करने में होने वाली परेशानी से राहत देने के लिए आगामी 26 नवंबर को दनकौर ब्लॉक परिसर में विशेष शिविर लगाया जाएगा। शिविर का आयोजन दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। इसमें पेंशनरों को डिजिटल माध्यम से जीवित प्रमाण पत्र बनवाने और जमा करने की सुविधा मिलेगी। वरिष्ठ कोषाधिकारी गौतमबुद्धनगर शिखा गुप्ता ने दनकौर क्षेत्र के सभी पेंशनरों से शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।

एक साल तक मान्य रहता है जीवित प्रमाण पत्र

वरिष्ठ कोषाधिकारी शिखा गुप्ता ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार के पेंशनरों को वर्ष में एक बार किसी भी महीने अपना जीवित प्रमाण पत्र कोषागार में प्रस्तुत करना होता है। यह प्रमाण पत्र अगले एक वर्ष तक प्रभावी रहता है। अब पेंशनरों को इसके लिए कोषागार में व्यक्तिगत रूप से पहुंचने की जरूरत नहीं है। वे अपनी बैंक शाखा या जीवन प्रमाण पोर्टल के माध्यम से घर बैठे मोबाइल से भी डिजिटल जीवित प्रमाण पत्र जमा कर सकते हैं।

मोबाइल से भी बनवा सकते हैं डिजिटल प्रमाण पत्र

डिजिटल जीवित प्रमाण पत्र बनाने के लिए पेंशनरों को अपने मोबाइल में आधार फेस आरडी ऐप और जीवन प्रमाण ऐप डाउनलोड करना होगा। इसके माध्यम से फेस ऑथेंटिकेशन की प्रक्रिया पूरी कर प्रमाण पत्र प्रस्तुत किया जा सकता है। यह व्यवस्था पेंशनरों के लिए सुविधाजनक है और उन्हें कोषागार के चक्कर लगाने से भी राहत देती है।

आधार कार्ड और बैंक पासबुक लेकर पहुंचें पेंशनर

शासन के दिशा-निर्देशों के तहत डिजिटल जीवित प्रमाण पत्र के अधिकाधिक उपयोग को बढ़ावा देने के लिए यह विशेष शिविर आयोजित किया जा रहा है। जिन पेंशनरों ने अभी तक अपना जीवित प्रमाण पत्र जमा नहीं किया है, वे 26 नवंबर को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच दनकौर ब्लॉक परिसर पहुंचकर इसका लाभ उठा सकते हैं।

शिविर में आने वाले सभी पेंशनरों को अपना आधार कार्ड, बैंक पासबुक और मोबाइल फोन अनिवार्य रूप से साथ लाना होगा।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.