काशी में आज देव दीपावली का भव्य आयोजन, 11 लाख दीपों से जगमग होंगे 108 घाट; ड्रोन शो और आतिशबाजी बनेगी आकर्षण

0 31

वाराणसी: देवताओं की दीपावली यानी देव दीपावली के अवसर पर मंगलवार को काशी में आस्था, संस्कृति और आधुनिक तकनीक का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। गंगा के 108 घाटों पर 11 लाख दीपों से रोशनी की जाएगी। मां गंगा की आरती, ड्रोन शो, थ्रीडी लेजर शो और आतिशबाजी के बीच लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की उम्मीद है।

काशी में देव दीपावली को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। शाम होते ही अस्सी घाट से राजघाट तक दीपों की लंबी श्रृंखला नजर आएगी। अनुमान है कि इस भव्य आयोजन को देखने के लिए 10 से 15 लाख श्रद्धालु और पर्यटक वाराणसी पहुंच सकते हैं।

शाम 5:15 बजे शुरू होगा दीपदान, 6 बजे होगी गंगा आरती

देव दीपावली के कार्यक्रमों की शुरुआत शाम 5:15 बजे से होगी। इस दौरान घाटों और गंगा पार रेती पर दीपदान किया जाएगा। शाम 6 बजे से 7 बजे तक 58 घाटों पर मां गंगा की आरती आयोजित होगी।

दशाश्वमेध घाट पर शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए दीप जलाए जाएंगे। वहीं चेतसिंह किला घाट पर थ्रीडी प्रोजेक्शन और लेजर शो का आयोजन किया जाएगा। लेजर शो के तीन चरण होंगे, जिनमें पहला कार्यक्रम शाम 5:45 से 6:10 बजे तक, दूसरा 7:20 से 7:45 बजे तक और तीसरा रात 8:30 से 8:55 बजे तक होगा।

आसमान में दिखेगा शिव तांडव और गंगा अवतरण का दृश्य

इस बार देव दीपावली में ड्रोन शो खास आकर्षण का केंद्र रहेगा। रात 8 बजे से 8:10 बजे तक होने वाले इस शो में 2100 स्वदेशी ड्रोन के जरिए भगवान शिव, शिव तांडव, महेश्वर सूत्र, गंगा अवतरण और काशी विश्वनाथ मंदिर की आकृतियां आसमान में दिखाई जाएंगी।

इसके बाद रात 8:30 बजे काशी विश्वनाथ मंदिर के गंगा द्वार के सामने ग्रीन आतिशबाजी का आयोजन होगा। करीब 10 मिनट तक चलने वाले इस कार्यक्रम में 500 से 600 फीट की ऊंचाई तक आतिशबाजी के दृश्य देखने को मिलेंगे।

सुरक्षा के लिए चार हजार से ज्यादा जवान तैनात

देव दीपावली को देखते हुए वाराणसी में सुरक्षा व्यवस्था को बेहद मजबूत किया गया है। घाटों और आसपास के क्षेत्रों में चार हजार से अधिक पुलिसकर्मी, एटीएस, आईबी, पीएसी और क्यूआरटी की टीमें तैनात रहेंगी।

गंगा में अस्थायी पुलिस थाना बनाया गया है। नावों की सुरक्षा और संचालन के लिए करीब पांच किलोमीटर क्षेत्र में वाटर बैरिकेडिंग की गई है।

देव दीपावली से कारोबार में भी बढ़ी रौनक

देव दीपावली का असर वाराणसी के कारोबार पर भी देखने को मिल रहा है। होटल, क्रूज, नाव, परिवहन, खानपान और हस्तशिल्प से जुड़े कारोबारियों को इस बार 400 से 500 करोड़ रुपये के कारोबार की उम्मीद है।

क्रूज की बुकिंग में भी भारी बढ़ोतरी देखी गई है। सामान्य दिनों में जहां प्रति व्यक्ति किराया करीब 750 रुपये होता है, वहीं देव दीपावली के दौरान यह कई गुना बढ़ गया है। शहर के कई होटल और गेस्ट हाउस पहले ही बुक हो चुके हैं।

होटल और क्रूज की बढ़ी मांग

गंगा और काशी विश्वनाथ मंदिर के आसपास के इलाकों में ठहरने के लिए पर्यटकों की भारी भीड़ पहुंच रही है। कई होटलों में कमरे सामान्य कीमतों से कई गुना अधिक दरों पर बुक किए गए हैं।

देव दीपावली के मौके पर पर्यटक वाराणसी में कई दिनों का कार्यक्रम बनाकर पहुंच रहे हैं, जिससे स्थानीय व्यापारियों, नाविकों, दुकानदारों और छोटे कारोबारियों को भी बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.