कथा का विरोध करने वालों पर राजा भैया का तीखा पलटवार, बोले- सनातन और देवी-देवताओं के अपमान का दें मुंहतोड़ जवाब

0 21

प्रतापगढ़: कुंडा में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्रीराम कथा संपन्न होने के बाद जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने सनातन धर्म पर सवाल उठाने वालों और कथा का विरोध करने वाले नेताओं पर निशाना साधा है। मध्य प्रदेश के मैहर स्थित मां शारदा के दर्शन करने पहुंचे राजा भैया ने कहा कि हिंदू देवी-देवताओं और सनातन धर्म का अपमान करने वालों को मुंहतोड़ जवाब दिया जाना चाहिए।

मां शारदा की पूजा-अर्चना के बाद पत्रकारों से बातचीत में राजा भैया ने कहा कि जीवन के किसी भी क्षेत्र में काम करने वाला व्यक्ति सबसे पहले हिंदू है। चाहे वह किसान हो, कारोबारी, अधिवक्ता या राजनेता। हर हिंदू को सनातन धर्म के पक्ष में खुलकर अपनी बात रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सनातन और हिंदू देवी-देवताओं का अपमान करने वालों के खिलाफ सभी को मुखर होना चाहिए।

रामकथा के सफल आयोजन के बाद जताया आभार

कुंडा के बेंती स्थित राजभवन के योगीराज देवरहा बाबा कथा मंडपम में आयोजित श्रीराम कथा को लेकर राजा भैया ने कहा कि इतना बड़ा और ऐतिहासिक आयोजन निर्विघ्न संपन्न हुआ। इसके बाद वह ईश्वर के प्रति आभार जताने के लिए निकले हैं। मैहर में मां शारदा के दर्शन से पहले उन्होंने चित्रकूट पहुंचकर भगवान कामदगिरि की परिक्रमा भी की।

धीरेंद्र शास्त्री को एयरपोर्ट से खुद गाड़ी चलाकर लाए थे राजा भैया

श्रीराम कथा के आयोजन से जुड़ा एक वाकया भी चर्चा में रहा। कथा के लिए पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जब प्रयागराज के बमरौली एयरपोर्ट पहुंचे तो राजा भैया उन्हें लेने खुद वहां पहुंचे थे। वह धीरेंद्र शास्त्री को अपनी निजी गाड़ी में बैठाकर खुद ड्राइव करते हुए कुंडा लेकर आए थे।

इस बारे में पत्रकारों के सवाल पर राजा भैया ने हंसते हुए कहा, “अरे, हम देखना चाहते थे न कि कोई मिले तो कथा से पहले कुछ और कार्यक्रम हो जाता।” उनका यह मजाकिया जवाब भी चर्चा में रहा।

दरअसल, राजा भैया के गृह क्षेत्र कुंडा में हाल ही में पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की भव्य श्रीराम कथा आयोजित की गई थी। राजा भैया भी इस धार्मिक आयोजन में शामिल हुए थे। कथा को लेकर कई तरह की चर्चाएं और विरोध सामने आए थे। आयोजन संपन्न होने के बाद राजा भैया पहले चित्रकूट पहुंचे और कामदगिरि की परिक्रमा की। इसके बाद उन्होंने मैहर में मां शारदा के दर्शन किए।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.