गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे बदलेगी यूपी की औद्योगिक तस्वीर, 12 जिलों में बनेंगे 12 कॉरिडोर; 47 हजार करोड़ निवेश का लक्ष्य

0 24

मेरठ: उत्तर प्रदेश में गंगा एक्सप्रेसवे को औद्योगिक विकास का नया केंद्र बनाने की तैयारी है। मेरठ से प्रयागराज तक 594 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेसवे के किनारे पड़ने वाले 12 जिलों में 12 औद्योगिक कॉरिडोर विकसित किए जाएंगे। राज्य सरकार ने इन कॉरिडोर में 987 उद्योग स्थापित कराने और करीब 47 हजार करोड़ रुपये का निवेश जुटाने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए सभी जिलों में कुल 6,507 एकड़ जमीन चिह्नित की गई है।

सरकार की योजना है कि इन औद्योगिक क्षेत्रों में देशी और विदेशी कंपनियों को निवेश के लिए आकर्षित किया जाए। इससे बड़े उद्योगों के साथ स्थानीय लघु और मध्यम उद्योगों को भी कारोबार के नए अवसर मिलेंगे। मेरठ सहित आसपास के जिलों के पारंपरिक उद्योगों को भी इसका फायदा पहुंचने की उम्मीद है।

12 जिलों में इन क्षेत्रों के उद्योगों को मिलेगा बढ़ावा

यूपीडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेंद्र भाटिया के मुताबिक, गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे विकसित होने वाले औद्योगिक कॉरिडोर में फार्मा, टेक्सटाइल, फूड प्रोसेसिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटो एंसिलरी, प्लास्टिक, वेयरहाउसिंग और लॉजिस्टिक्स से जुड़े उद्योग स्थापित किए जाएंगे।

सरकार का जोर बड़े उद्योगों के साथ स्थानीय इकाइयों को भी इस विकास से जोड़ने पर है। बड़ी कंपनियों को कच्चे माल और दूसरी सेवाओं की आपूर्ति में स्थानीय उद्योगों की भूमिका बढ़ सकती है। इससे छोटे और मध्यम कारोबारियों को भी नए बाजार मिलने की संभावना है।

मेरठ में अमेरिकी कंपनी करेगी 2,913 करोड़ रुपये का निवेश

औद्योगिक निवेश की दिशा में मेरठ में बुधवार को अमेरिकी कंपनी बाल कॉर्पोरेशन के प्रस्तावित प्लांट का शिलान्यास किया गया। कंपनी इस परियोजना में करीब 300 मिलियन अमेरिकी डॉलर यानी 2,913 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। उत्तर प्रदेश में यह कंपनी की पहली विनिर्माण इकाई होगी।

महाराष्ट्र के तलोजा और आंध्र प्रदेश के श्री सिटी के बाद मेरठ भारत में कंपनी का तीसरा संयंत्र होगा। इस परियोजना से मेरठ को वैश्विक पैकेजिंग उद्योग में नई पहचान मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही इससे जुड़े सहायक उद्योगों के विस्तार की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।

एक्सप्रेसवे और एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी से उद्योगों को फायदा

गंगा एक्सप्रेसवे पश्चिमी उत्तर प्रदेश को पूर्वी उत्तर प्रदेश से जोड़ रहा है। इससे लोगों की आवाजाही के साथ उद्योगों के कच्चे माल और तैयार उत्पादों को देश के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचाना भी आसान होगा।

मेरठ को दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे, डेडीकेटेड फ्रेट कॉरिडोर, हिंडन एयरपोर्ट और जेवर एयरपोर्ट से मिलने वाली कनेक्टिविटी औद्योगिक गतिविधियों को गति दे सकती है। इससे वेयरहाउसिंग और आधुनिक सप्लाई चेन का नेटवर्क विकसित होने की संभावना है।

मेरठ के खेल सामग्री, वाद्ययंत्र और कैंची जैसे पारंपरिक उद्योगों को भी बेहतर परिवहन और आपूर्ति व्यवस्था का लाभ मिल सकता है। सरकार की कोशिश है कि बड़े निवेश के साथ स्थानीय कारोबार को भी विकास की इस प्रक्रिया में भागीदार बनाया जाए।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.