दिल्ली में ठंड ने बढ़ाई कंपकंपी, 9 डिग्री तक पहुंचा पारा; प्रदूषण से भी मिली कुछ राहत, कई शहरों में छाई धुंध

0 19

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है। न्यूनतम तापमान में गिरावट के बीच गुरुवार को वायु गुणवत्ता में भी कुछ सुधार दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, एम्स क्षेत्र में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 188 रहा, जबकि इंडिया गेट और कर्तव्य पथ के आसपास यह 149 दर्ज किया गया। उधर, देश के कई शहरों में सुबह के समय धुंध की परत देखने को मिली।

मुंबई के वडाला और उत्तर प्रदेश के अयोध्या में भी सुबह धुंध छाई रही। दिल्ली में प्रदूषण के स्तर में आई गिरावट से कुछ राहत जरूर मिली है, लेकिन एम्स इलाके में हवा अब भी मध्यम श्रेणी में बनी हुई है।

दिल्ली में कितना रहा न्यूनतम तापमान?

पिछले कुछ दिनों से दिल्ली का न्यूनतम तापमान करीब 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ था, लेकिन अब इसमें और गिरावट दर्ज की गई है। मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट वेदर के मुताबिक, बुधवार को राजधानी के बेस स्टेशन सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से करीब 1.3 डिग्री कम था।

वहीं, पूसा मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो दिल्ली के विभिन्न इलाकों में सबसे कम रहा।

आज और कल कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, गुरुवार को दिल्ली-एनसीआर में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है। हालांकि, सुबह के समय कुछ इलाकों में हल्की धुंध देखने को मिल सकती है। अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

27 नवंबर को भी मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही रह सकता है। आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा, जबकि सुबह कुछ स्थानों पर धुंध या हल्का कोहरा छाने की संभावना है। इस दिन भी अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

किस स्तर पर कितना खतरनाक होता है AQI?

वायु गुणवत्ता सूचकांक के जरिए हवा में प्रदूषण के स्तर का आकलन किया जाता है। AQI का स्तर 0 से 50 के बीच होने पर हवा अच्छी, 51 से 100 के बीच संतोषजनक और 101 से 200 के बीच मध्यम श्रेणी में मानी जाती है। इसी तरह 201 से 300 तक खराब, 301 से 400 तक बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर श्रेणी की हवा मानी जाती है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.