इस फैसले के बाद प्रदेश की 57,694 ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों और सामान्य प्रशासनिक गतिविधियों का संचालन प्रशासकों के जिम्मे रहेगा।
26 मई को समाप्त हुआ था ग्राम पंचायतों का कार्यकाल
पंचायती राज विभाग के प्रमुख सचिव रविंदर की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, ग्राम पंचायतों का कार्यकाल 26 मई को समाप्त हो गया था। इसके बाद शासन ने निवर्तमान ग्राम प्रधानों को प्रशासक नियुक्त कर गांवों में सामान्य कामकाज और विकास कार्यों के संचालन की जिम्मेदारी सौंपी थी। यह व्यवस्था शुरुआती तौर पर छह महीने के लिए लागू की गई थी।
अध्यादेश के जरिए बढ़ाई गई व्यवस्था की अवधि
इस बीच 23 तारीख को उत्तर प्रदेश पंचायत राज (संशोधन) अध्यादेश लाया गया। इसके तहत पंचायत राज अधिनियम की संबंधित धारा में संशोधन कर सरकार को लोकहित या अपरिहार्य परिस्थितियों में समय पर चुनाव कराना संभव नहीं होने की स्थिति में प्रशासनिक समिति अथवा प्रशासक नियुक्त करने का अधिकार दिया गया है।
संशोधित प्रावधान के मुताबिक, प्रशासक या प्रशासनिक समिति का कार्यकाल छह महीने तक रखा जा सकता है। जरूरत पड़ने पर इसे एक बार फिर छह महीने के लिए अथवा पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट आने तक बढ़ाया जा सकता है।
पंचायत चुनाव और नई ग्राम पंचायतों के गठन तक संभालेंगे जिम्मेदारी
शासन के इस फैसले का उद्देश्य पंचायत चुनाव और नई ग्राम पंचायतों के गठन तक गांवों में प्रशासनिक कामकाज तथा विकास गतिविधियों को सुचारु बनाए रखना है। कार्यकाल बढ़ने के बाद प्रशासक निर्धारित अवधि तक ग्राम पंचायतों की जिम्मेदारियां संभालते रहेंगे।