परिसीमन क्या है और क्यों हो रहा है विरोध? महिला आरक्षण से लेकर सीटों के बंटवारे तक, समझिए पूरा विवाद
नई दिल्ली: केंद्रीय मंत्रिमंडल ने महिला आरक्षण लागू करने को परिसीमन से जोड़ने वाले नए विधेयक को मंजूरी दे दी है। प्रस्ताव के तहत सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या समान रूप से 50 प्रतिशत बढ़ाने का प्रावधान है। सरकार अगले सप्ताह संसद के विशेष सत्र में इसे पेश कर सकती है। इस प्रस्ताव के साथ परिसीमन को लेकर राजनीतिक बहस फिर तेज हो गई है। विपक्ष निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव और राजनीतिक संतुलन को लेकर सवाल उठा रहा है।
संसद के विशेष सत्र में परिसीमन का मुद्दा अहम रहने वाला है। आइए समझते हैं कि परिसीमन क्या है, इसकी प्रक्रिया कैसे होती है, विधेयक क्यों लंबित है और विपक्ष को इस पर क्या आशंकाएं हैं।
1. परिसीमन क्या है?
परिसीमन किसी देश या विधायी निकाय वाले प्रांत में क्षेत्रीय निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय करने की प्रक्रिया है। इसके तहत लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों का पुनर्निर्धारण किया जाता है।
2. निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं कौन तय करता है?
परिसीमन का काम परिसीमन आयोग या सीमा आयोग नामक उच्चाधिकार प्राप्त निकाय करता है। भारत में परिसीमन आयोग अधिनियम के तहत अब तक चार आयोग गठित किए जा चुके हैं। इनका गठन 1952, 1963, 1973 और 2002 में हुआ था।
परिसीमन आयोग के आदेशों को कानून का दर्जा प्राप्त होता है और उन्हें किसी अदालत में चुनौती नहीं दी जा सकती। आयोग के आदेश राष्ट्रपति की ओर से निर्धारित तारीख से लागू होते हैं। इन आदेशों की प्रतियां संसद और संबंधित राज्य विधानसभाओं के सामने रखी जाती हैं, लेकिन सदन इनमें बदलाव नहीं कर सकते।
3. परिसीमन को लेकर बहस क्यों हो रही है?
सरकार ने इस साल अप्रैल में संसद के विशेष सत्र के दौरान 2002 के कानून की जगह परिसीमन विधेयक, 2026 पेश किया था। इसके तहत केंद्र सरकार को नवीनतम जनगणना के आंकड़ों के आधार पर लोकसभा और विधानसभा सीटों के पुनर्निर्धारण के लिए परिसीमन आयोग गठित करने का अधिकार मिलता।
4. विधेयक संसद में लंबित क्यों है?
वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले महिला आरक्षण कानून लागू करने से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को अप्रैल में लोकसभा में पर्याप्त समर्थन नहीं मिल सका था। इसके बाद परिसीमन विधेयक पर मतदान नहीं हुआ। सरकार ने इसे निचले सदन में लंबित रखने का फैसला किया था।
5. परिसीमन विधेयक में क्या प्रावधान हैं?
नए परिसीमन विधेयक के कई प्रावधान 2002 के कानून के समान हैं। इसके मुताबिक, केंद्र सरकार समय-समय पर अधिसूचना जारी कर परिसीमन आयोग का गठन कर सकती है।
आयोग में सुप्रीम कोर्ट के मौजूदा या सेवानिवृत्त न्यायाधीश को अध्यक्ष बनाया जाएगा। इसके अलावा मुख्य निर्वाचन आयुक्त या उनके नामित निर्वाचन आयुक्त और संबंधित राज्य के राज्य निर्वाचन आयुक्त पदेन सदस्य होंगे।
केंद्र सरकार अधिसूचना के जरिए आयोग का कार्यकाल तय कर सकती है। जरूरत पड़ने पर आयोग के अनुरोध पर कार्यकाल बढ़ाने का भी प्रावधान है।
विधेयक में पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर के क्षेत्र के कब्जे से मुक्त होने की स्थिति में वहां विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन की व्यवस्था भी शामिल है। इसके मुताबिक, उस क्षेत्र में परिसीमन के लिए निर्वाचन आयोग परिसीमन आयोग के रूप में कार्य करेगा।
आयोग को अपने काम में सहायता के लिए प्रत्येक राज्य से 10 लोगों को सहयोगी के रूप में शामिल करने का अधिकार होगा। इनमें पांच संसद सदस्य और पांच संबंधित राज्य विधानसभा के सदस्य होंगे।
6. विपक्ष परिसीमन को लेकर क्यों आशंकित है?
विपक्षी दल असम और जम्मू-कश्मीर में हुए परिसीमन का उदाहरण देते हुए निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में राजनीतिक फायदे के लिए बदलाव किए जाने की आशंका जता रहे हैं। उनका आरोप है कि चुनावी लाभ हासिल करने के उद्देश्य से निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्गठन किया जा सकता है।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भाजपा पर 2029 के आम चुनाव से पहले अपने फायदे के लिए देश का चुनावी नक्शा फिर से तैयार करने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। सरकार ने विपक्ष की इन आशंकाओं को खारिज किया है।
विपक्ष का कहना है कि भले ही लोकसभा में राज्यों की मौजूदा हिस्सेदारी सुरक्षित रखने की बात कही जाए, लेकिन राज्यों के भीतर निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं किस आधार पर और किस तरह तय होंगी, यह चिंता का विषय है।
राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को संसद में दोबारा पेश करने की सरकार की संभावित पहल के मद्देनजर विपक्षी दलों की संयुक्त रणनीति तैयार करने के लिए शनिवार को अपने आवास पर बैठक बुलाई है।
इस बैठक में इंडिया गठबंधन के दलों के सदन के नेता शामिल होंगे। इसके अलावा गठबंधन से बाहर के दलों, जैसे द्रमुक, आम आदमी पार्टी और बीजद समेत अन्य पार्टियों को भी चर्चा के लिए आमंत्रित किया गया है।
7. सरकार 2011 की जनगणना के आंकड़ों का इस्तेमाल क्यों करना चाहती है?
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अप्रैल में लोकसभा में कहा था कि नई जनगणना के बाद परिसीमन की प्रक्रिया में समय लगेगा, जिससे महिला आरक्षण कानून को जल्द लागू करने में देरी हो सकती है।
उन्होंने यह भी कहा था कि व्यापक जन परामर्श की जरूरत को देखते हुए 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले परिसीमन की प्रक्रिया पूरी करना संभव नहीं होगा।