मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए यूपी में विशेष अभियान, 28 नवंबर को एक दिन में मिले रिकॉर्ड 7.15 लाख फॉर्म-6

0 20

गौतमबुद्धनगर: उत्तर प्रदेश में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2027 के तहत ‘कोई मतदाता न छूटे’ के ध्येय वाक्य के साथ 29 नवंबर (रविवार) को प्रदेशभर में चौथा विशेष अभियान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान प्रदेश के सभी मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक उपस्थित रहे और नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने तथा नाम और विवरण में संशोधन से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराईं।

उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने विशेष अभियान दिवस के दौरान गौतमबुद्धनगर के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 61-नोएडा के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने राजकीय इंटर कॉलेज और कंपोजिट विद्यालय सेक्टर-12, प्राथमिक विद्यालय और समरविले स्कूल सेक्टर-22, हाई राइज सोसाइटी लोटस पनास सेक्टर-110 तथा पार्क्स लॉरिएट सेक्टर-108 स्थित मतदान केंद्रों के विभिन्न मतदेय स्थलों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने बीएलओ के कार्यों की गुणवत्ता, मतदाताओं की सहभागिता और राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) के सहयोग की स्थिति की समीक्षा की। साथ ही बूथ लेवल एजेंटों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए)/एओए पदाधिकारियों और नागरिकों से संवाद कर अभियान से जुड़े उनके अनुभव एवं जानकारी भी साझा की।

एक दिन में रिकॉर्ड 7.15 लाख फॉर्म-6 प्राप्त

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि विशेष अभियान दिवसों का उद्देश्य केवल मतदाता सूची में नाम जोड़ना नहीं, बल्कि नागरिकों को निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता सूची से जुड़े नियमों, विभिन्न फॉर्मों और निर्वाचन आयोग की ऑनलाइन सुविधाओं जैसे नागरिक सेवा पोर्टल तथा ECINET ऐप के प्रति जागरूक करना भी है। उन्होंने बताया कि अभियान की निगरानी के लिए बीएलओ के साथ सुपरवाइजर, एईआरओ, ईआरओ, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, जिला निर्वाचन अधिकारी, रोल प्रेक्षक और मंडलायुक्त भी विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं, ताकि पात्र नागरिकों को किसी तरह की परेशानी न हो।

उन्होंने बताया कि 28 नवंबर को आयोजित विशेष अभियान दिवस में प्रदेशभर से एक ही दिन में रिकॉर्ड 7 लाख 15 हजार फॉर्म-6 प्राप्त हुए। इससे पहले 24 अक्टूबर को आयोजित अभियान दिवस में लगभग 4 लाख 20 हजार और 22 नवंबर को लगभग 3 लाख 99 हजार फॉर्म-6 प्राप्त हुए थे। 29 नवंबर के अभियान दिवस पर भी विभिन्न बूथों पर नागरिकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता को देखते हुए अब तक का सर्वाधिक आवेदन प्राप्त होने का अनुमान जताया गया।

16 दिसंबर तक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने का मौका

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि प्रदेश में अभी भी बड़ी संख्या में पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं हैं। नागरिकों, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और आरडब्ल्यूए की सक्रिय सहभागिता से 16 दिसंबर तक चलने वाली दावा एवं आपत्ति अवधि में अधिक से अधिक पात्र लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जा सकते हैं। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं और युवाओं से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की।

ऑनलाइन भी कर सकते हैं आवेदन और नाम की जांच

नागरिकों की सुविधा के लिए ECINET ऐप और नागरिक सेवा पोर्टल https://voters.eci.gov.in/ के माध्यम से आवेदन सहित अन्य निर्वाचन संबंधी सेवाएं उपलब्ध हैं। मतदाता अपने आवेदन के रेफरेंस नंबर के जरिए उसकी स्थिति भी ट्रैक कर सकते हैं।

नागरिक पोर्टल अथवा ECINET ऐप के माध्यम से अपने और परिवार के सभी सदस्यों के नाम मतदाता सूची में जांच सकते हैं। इसके लिए मोबाइल नंबर के जरिए ओटीपी सत्यापन कर नाम और अन्य विवरण देखे जा सकते हैं। मतदाता सूची में नाम दर्ज नहीं होने पर फॉर्म-6 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है, जबकि नाम, विवरण में संशोधन अथवा निवास स्थान बदलने के लिए फॉर्म-8 भरकर ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।

वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग मतदाताओं के लिए भी सुविधाएं

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। मतदाता सूची में दिव्यांग के रूप में चिह्नित मतदाता निर्वाचन के दौरान ECINET ऐप के माध्यम से जिला निर्वाचन अधिकारी से व्हीलचेयर और अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए अनुरोध कर सकते हैं। 40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले मतदाताओं को निर्धारित प्रावधानों के तहत घर पर मतदान की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है।

इसी तरह 85 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ मतदाताओं को भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत घर पर मतदान की सुविधा दी जाती है। इसके लिए निर्वाचन की घोषणा के बाद निर्धारित समयावधि में फॉर्म-12डी भरकर आवेदन करना होता है। विशेष अभियान दिवसों के जरिए नागरिकों को इन सुविधाओं की जानकारी भी दी जा रही है, जिससे प्रत्येक पात्र मतदाता आसानी से अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सके।

प्रदेशभर में अधिकारियों ने अभियान की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

विशेष अभियान दिवस के दौरान प्रदेश के सभी जनपदों में जिला निर्वाचन अधिकारियों, उप जिला निर्वाचन अधिकारियों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों ने विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। वहीं, कार्यालय मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश के अधिकारियों ने भी विभिन्न जनपदों में पहुंचकर अभियान की व्यवस्थाओं और प्रगति का स्थलीय सत्यापन किया।

निरीक्षण के दौरान बीएलओ की उपस्थिति, बूथ लेवल एजेंटों की उपलब्धता, आलेख्य मतदाता सूची की मौजूदगी और बीएलओ की टेबल टॉप एक्सरसाइज तथा पंचायत एवं स्थानीय निकाय की सूची से मिलान की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने आवेदन करने वाले नागरिकों को फॉर्म भरने में आवश्यक सहयोग देने के निर्देश भी दिए।

इसके अलावा पात्र नागरिकों, विशेषकर युवाओं और महिलाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के प्रयासों, ‘बुक अ कॉल विद बीएलओ’ के लंबित प्रकरणों, 85 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ मतदाताओं की पहचान और मतदेय स्थलों पर स्थापित मतदाता सहायता डेस्क की स्थिति का भी जायजा लिया गया।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे आलेख्य मतदाता सूची में अपना और परिवार के सभी पात्र सदस्यों का नाम अवश्य जांचें। जिन पात्र नागरिकों का नाम सूची में नहीं है, वे फॉर्म-6 भरकर आवेदन करें। वहीं, प्रविष्टियों में त्रुटि होने पर फॉर्म-8 के माध्यम से सुधार कराएं, ताकि मतदाता सूची को शुद्ध, समावेशी और अद्यतन बनाया जा सके तथा कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व/उप जिला निर्वाचन अधिकारी अजीत कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी दादरी अरुण कुमार, डिप्टी कलेक्टर अभिनेंद्र सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.