ग्रेटर नोएडा में 13 से 15 दिसंबर तक सजेगा ग्लोबल भक्ति फेस्ट, 13 अखाड़ों, 12 ज्योतिर्लिंगों और चार धामों के प्रतिनिधि होंगे शामिल

0 39

ग्रेटर नोएडा: भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने के उद्देश्य से ग्लोबल भक्ति फेस्ट 2026 का आयोजन 13 से 15 दिसंबर तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में किया जाएगा। आयोजकों के मुताबिक, एशिया का पहला और सबसे बड़ा वैश्विक भक्ति महोत्सव माने जा रहे इस आयोजन में 13 अखाड़ों, 12 ज्योतिर्लिंगों और चार धामों के आध्यात्मिक प्रतिनिधियों सहित संतों, धर्मगुरुओं, विद्वानों, कलाकारों और विभिन्न क्षेत्रों की हस्तियां जुटेंगी। महोत्सव में भक्ति, अध्यात्म, संस्कृति, संगीत और आध्यात्मिक विमर्श के साथ भजन क्लबिंग का भी अनूठा अनुभव मिलेगा।

इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट लिमिटेड (आईईएमएल) की ओर से आयोजित इस महोत्सव को लेकर मीडिया संवाद में आध्यात्मिक जगत, कला, संस्कृति और आयोजन से जुड़ी कई प्रतिष्ठित हस्तियों ने हिस्सा लिया। इनमें श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर स्वामी प्रेमानंद पुरी जी महाराज, वरिष्ठ महामंडलेश्वर, पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी; परम पूज्य गोस्वामी सुशील जी महाराज, राष्ट्रीय संयोजक, भारतीय सर्व धर्म संसद; योगी प्रियव्रत अनीमेश, आध्यात्मिक चिंतक एवं मार्गदर्शक तथा उज्जैन की कलाकार फाल्गुनी अग्रवाल शामिल रहीं।

आयोजक पक्ष से डॉ. राकेश कुमार, चेयरमैन, इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट लिमिटेड; बरुण गुप्ता, सह-संस्थापक, ग्लोबल भक्ति फेस्ट एवं सीईओ, इंडेवा होटल्स एंड रिसॉर्ट्स तथा सिद्धांत भाटिया, सह-संस्थापक, ग्लोबल भक्ति फेस्ट एवं निदेशक, सोलट्रैक्स प्रोडक्शंस ने भी मीडिया संवाद में भाग लिया।

युवा पीढ़ी को सभ्यतागत ज्ञान परंपरा से जोड़ने का प्रयास

इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट लिमिटेड के चेयरमैन डॉ. राकेश कुमार ने कहा कि ग्लोबल भक्ति फेस्ट का मूल उद्देश्य युवा भारत को अपनी सभ्यतागत ज्ञान परंपरा की गहराई से परिचित कराना है। महोत्सव के माध्यम से अध्यात्म को धार्मिक अनुष्ठानों और ग्रंथों तक सीमित रखने के बजाय दैनिक जीवन का रोचक और सार्थक हिस्सा बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

ग्लोबल भक्ति फेस्ट के सह-संस्थापक एवं इंडेवा होटल्स एंड रिसॉर्ट्स के सीईओ बरुण गुप्ता ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य सनातन की विविध विचारधाराओं और आध्यात्मिक परंपराओं को जन-जन तक पहुंचाना तथा भारत की धरती से पूरी दुनिया को शांति का संदेश देना है।

इंडिया एक्सपो सेंटर तीर्थ बनने जा रहा है: स्वामी प्रेमानंद पुरी

पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी के वरिष्ठ महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 स्वामी प्रेमानंद पुरी जी महाराज ने कहा कि इंडिया एक्सपो सेंटर तीर्थ बनने जा रहा है। जिन संतों के दर्शन के लिए श्रद्धालु कुंभ में हजारों किलोमीटर की यात्रा करते हैं, उनके दर्शन 13 दिसंबर को यहां सहज और सुलभ होंगे। उन्होंने इसे भक्ति की गंगा के श्रद्धालुओं के द्वार तक पहुंचने जैसा बताया।

भारतीय सर्व धर्म संसद के राष्ट्रीय संयोजक परम पूज्य गोस्वामी सुशील जी महाराज ने कहा कि ग्रेटर नोएडा की धरती पर आध्यात्मिक इतिहास का नया अध्याय लिखा जा रहा है, जिसकी पहचान विश्वभर में होगी। उन्होंने डॉ. राकेश कुमार की दूरदर्शिता और प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इंडिया एक्सपो मार्ट इस विराट भक्ति समागम का साक्षी बनने जा रहा है।

महोत्सव के सह-संस्थापक एवं सोलट्रैक्स प्रोडक्शंस के निदेशक सिद्धांत भाटिया ने आयोजन के मूल विजन ‘ध्यानं, ज्ञानं, विज्ञानं एवं प्रज्ञानं’ को रेखांकित किया। उन्होंने मीडियाकर्मियों से आध्यात्मिक अभियान का सहभागी बनने और भक्ति के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह करेंगे उद्घाटन, 14 दिसंबर को गजेंद्र सिंह शेखावत होंगे मुख्य अतिथि

ग्लोबल भक्ति फेस्ट 2026 का उद्घाटन केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह 13 दिसंबर को शाम 5 बजे करेंगे। आयोजन में कई प्रतिष्ठित गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रहेगी। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत 14 दिसंबर को मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री, विख्यात संत, आध्यात्मिक गुरु और विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियां भी महोत्सव में हिस्सा लेंगी।

10 हजार वर्गमीटर से अधिक क्षेत्र में होगा आयोजन, प्रतिदिन 10 हजार से ज्यादा संगीत प्रेमियों के पहुंचने की उम्मीद

ग्लोबल भक्ति फेस्ट में 13 अखाड़ों, 12 ज्योतिर्लिंगों और चार धामों के आध्यात्मिक प्रतिनिधियों के साथ संतों एवं धर्मगुरुओं का समागम होगा। धार्मिक संस्थानों, रहस्यवादी साधकों, विद्वानों, दूरदर्शी विचारकों, कलाकारों, स्वास्थ्य एवं कल्याण विशेषज्ञों और उद्यमियों की भी भागीदारी रहेगी।

10,000 वर्गमीटर से अधिक प्रदर्शनी क्षेत्र में आयोजित होने वाले इस महोत्सव में 100 से अधिक प्रदर्शक ब्रांड, 20,000 से अधिक बी2बी एवं बी2सी खरीदार, 2,000 से अधिक विशिष्ट प्रतिनिधि और प्रतिदिन 10,000 से अधिक संगीत प्रेमियों के शामिल होने की संभावना जताई गई है। आयोजन में तीन प्रमुख गतिविधियां होंगी।

जीबीएफ एक्सपो (भक्ति बाजार): भक्ति बाजार में आगंतुकों को पूजा सामग्री, पवित्र अर्पण सामग्री, भक्ति से जुड़े उत्पाद, धार्मिक ग्रंथ, देवी-देवताओं की प्रतिमाएं, धार्मिक कलाकृतियां और मंदिरों से संबंधित सामग्री देखने, खरीदने तथा उनकी सोर्सिंग करने का अवसर मिलेगा।

जीबीएफ कॉन्फ्लुएंस (भक्ति कॉन्क्लेव): इस आध्यात्मिक समागम में संतों, साध्वियों, आध्यात्मिक गुरुओं, विद्वानों, नीति निर्माताओं, प्रेरक वक्ताओं, रहस्यवादी साधकों और स्वास्थ्य एवं कल्याण विशेषज्ञों के बीच विचारों, मान्यताओं और दृष्टिकोणों का आदान-प्रदान होगा।

जीबीएफ कॉन्सर्ट (भजन क्लबिंग): महोत्सव का संगीत आयोजन भजनों, कीर्तन, मंत्रोच्चार, शास्त्रीय संगीत, सूफी संगीत, फ्यूजन, इलेक्ट्रॉनिका और समकालीन भक्ति संगीत की प्रस्तुतियों से सजेगा। इसमें देश के ख्यातिप्राप्त कलाकारों और विशेष अतिथियों की सहभागिता रहेगी।

ग्लोबल भक्ति फेस्ट 2026 को केवल आस्था के उत्सव के रूप में नहीं, बल्कि आत्मखोज, सांस्कृतिक चेतना, आत्मबोध और प्राचीन ज्ञान परंपरा से जागरूक भविष्य की ओर बढ़ने की यात्रा के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है। आयोजन के माध्यम से अध्यात्म और सांस्कृतिक विरासत को एक मंच पर लाकर भारत की सभ्यतागत पहचान और उसकी आत्मा को अभिव्यक्त करने का प्रयास किया जाएगा।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.