हमें हर वर्ग को अवसर देना होगा, और यह काम हमें गति के साथ करना होगा – सुनील बंसल

0 325

नई दिल्ली। दिल्ली भाजपा की दो दिवसीय कार्यकारिणी बैठक भाजपा के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा की अध्यक्षता में डॉ. अम्बेडकर इंटरनेशनल सेंटर में सम्पन्न हुई। इस मौके पर राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल ने अपने सम्बोधन मे कहा राष्ट्रीय कार्यकारिणी के बाद प्रदेश, जिला, मंडल कार्यकारिणी की बैठकों का आयोजन होगा। हमें कार्यकारिणी की बैठक को केवल एक बैठक की तरह नहीं देखना है। हमें इसे राजनीतिक भविष्य का ऐजेन्डा तय करने का माध्यम बनाना है। हम एक कैडर बेस्ड पार्टी हैं और हमारा लक्ष्य होना चाहिये गुणवान, क्षमतावान कार्यकर्ताओं का विकास।

आगे उन्होंने कहा कि हमें राष्ट्रवादी पार्टी होने के साथ ही एक गरीब कल्याणकारी पार्टी की छवि का भी निर्माण करना है। हमें लोगों से खासकर गरीबों से भाजपा कार्यकर्ता के रूप में संवाद बढ़ाना होगा। जिन लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है, उन्हें पार्टी की मुख्य धाराओं से जोड़ना होगा। सुनील बंसल ने कहा है कि दिल्ली भाजपा के संगठन का एक उद्गम स्थल भी है। यहां हमारा स्थाई वोट प्रतिशत है, पर अब दिल्ली का आबादी स्वरूप बदल रहा है। हमें समाज के हर वर्ग को भाजपा से जोड़ना होगा। हमें हर वर्ग को अवसर देना होगा, नेतृत्व देना होगा और यह काम हमें गति के साथ करना होगा। दिल्ली भाजपा को यहां की स्थानीय स्थितियों के अनुरूप कार्यक्रम बनाने होंगे, उन पर क्रियान्वन करना होगा।

अंत में सुनील बंसल ने कहा है कि हमें रचनात्मक सेवा कार्य करने होंगे, सार्थक सोच के साथ दिल्ली की जनता का दिल जीतना होगा और इसके लिये सभी कार्यकर्ताओं को अपना-अपना श्रम दान करना होगा।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.