कभी कॉलेज नहीं गईं, पति की मौत, 9 बच्चे… कुछ ऐसी है भारत की सबसे अमीर महिला की कहानी

0 70

नई दिल्ली :भारत की सबसे अमीर महिला जो कभी कॉलेज नहीं गईं। नाम है-सावित्री जिंदल। फोर्ब्स बिलियनेयर लिस्ट 2023 के अनुसार, जिंदल ग्रुप की अध्यक्ष सावित्री जिंदल भारत की सबसे अमीर महिला हैं। भारत के सबसे अमीर लोगों की लिस्ट में उनका छठा स्थान है। वहीं, दुनिया के सबसे अमीर लोगों की लिस्ट में उनका 94वां स्थान है। सावित्री जिंदल की संपत्ति 17 अरब डॉलर (13,91,31,82,50,000 रुपये) है। उनकी शादी साल 1970 में जिंदल ग्रुप के फाउंडर ओमप्रकाश जिंदल के साथ हुई थी। पति की मृत्यु के बाद से वे सारा कारोबार संभाल रही हैं। सावित्री जिंदल इस समय 73 साल की हैं और अपनी सादगी के लिए जानी जाती हैं।

सावित्री जिंदल की लाइफ संघर्षों से भरी रही। वे जब 55 साल की थीं, तब उनके पति ओम प्रकाश जिंदल का निधन हो गया था। ओम प्रकाश जिंदल समूह के फाउंडर थे। ओम प्रकाश की मृत्यु एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना में हुई थी। इसके बाद से सावित्री ने अपने पति का कारोबार संभाल लिया।

कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक सावित्री जिंदल कभी भी कॉलेज नहीं गईं। इसके बावजूद पति की आकस्मिक मृत्यु के बाद उन्होंने बखूबी पूरा कारोबार संभाल लिया। सावित्री जिंदल के लिए यह आसान नहीं था। वे कहती हैं कि जिंदल परिवार में अधिकतर महिलाएं घर की जिम्मेदारी संभालती हैं और पुरुष बाहर के काम देखते हैं। इसके कारण उन्हें अपने पति का कारोबार संभालने में काफी मेहनत करनी पड़ी।

सावित्री जिंदल की संपत्ति में पिछले कुछ वर्षों में काफी उतार-चढ़ाव आया है। कोरोना काल में साल 2019 और 2020 के दौरान सावित्री जिंदल की नेटवर्थ 50 फीसदी तक घट गई थी। इसके बाद सिर्फ दो साल में ही उनकी संपत्ति तीन गुना से अधिक हो गई। साल 2021 में सावित्री जिंदल की संपत्ति 18 अरब डॉलर तक पहुंच गई थी।

सावित्री जिंदल के पति ओम प्रकाश जिंदल हरियाणा सरकार में मंत्री और हिसार निर्वाचन क्षेत्र से हरियाणा विधानसभा के सदस्य भी रहे थे। सावित्री जिंदल के कुल 9 बच्चे हैं। सावित्री जिंदल का जन्म 20 मार्च 1950 को हुआ था। उनका बचपन असम के तिनसुकिया शहर में बीता था।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.