किडनी ट्रांसप्लांट के बाद पहली बार पटना पहुंचे राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव

0 318

पटना : राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद यादव किडनी ट्रांसप्लांट के बाद पहली बार शुक्रवार को पटना पहुंचे। सिंगापुर में किडनी ट्रांसप्लांट के बाद वे स्वदेश लौटने के बाद दिल्ली में स्वास्थ्य लाभ ले रहे थे।

राजद के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव दोपहर बाद अपने बेटे और बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के साथ दिल्ली से पटना लौटे। पटना अवाई अड्डे पर उनके पुत्र और मंत्री तेजप्रताप यादव पहले से ही मौजूद थे। पटना हवाई अड्डा पहुंचने के बाद कड़ी संख्या में जुटे राजद समर्थकों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। उन पर समर्थकों द्वारा फूल बरसाए गए और उनके समर्थन में जमकर नारे लगाए गए। इस दौरान लालू भी हाथ उठाकर समर्थकों का अभिवादन स्वीकारते रहे। पटना हवाई अड्डा से कार पर सवार होकर वे सीधे अपने आवास निकल गए।

पटना के कई स्थानों पर लालू प्रसाद यादव के बिहार आने पर उनके स्वागत में बैनर, पोस्टर लगाए गए हैं। लालू प्रसाद यादव का सिंगापुर में पिछले साल पांच दिसंबर को किडनी ट्रांसप्लांट किया गया था। इसके बाद वे इस साल फरवरी में सिंगापुर से स्वदेश लौट आए थे, लेकिन वे दिल्ली में ही अपनी बेटी मीसा भारती के आवास पर रह रहे थे।

लालू प्रसाद यादव के बिहार लौटने को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। संभावना व्यक्त की जा रही है कि वे महागठबंधन में शामिल घटक दलों के नेताओं से मिलेंगे। उनके नीतीश कुमार से भी मुलाकात की संभावना व्यक्त की जा रही है। बताया जा रहा है कि लालू बहुत दिनों तक पटना में नहीं रहेंगे। किडनी ट्रांसप्लांट के बाद रूटीन चेकअप के लिए उन्हें फिर मई महीने में सिंगापुर जाना है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.