Asian Games: हॉकी में टीम इंडिया ने जीता गोल्ड, पेरिस ओलंपिक का मिला टिकट

0 493

नई दिल्ली: एशियन गेम्स 2023 में भारतीय हॉकी टीम ने गोल्ड (Gold) पर कब्ज़ा कर लिया है. टीम इंडिया ने फाइनल में पिछले बार की एशिया चैंपियन जापान (Japan) को 5-1 से करारी शिकस्त दी. इससे पहले पूल राउंड (pool round) मे भी भारत और जापान की भिड़ंत हुई थी, जिसमें भारत ने 4-2 से जीत अपने नाम की थी. वहीं फाइनल मुकाबले में भारत की ओर से बेहद ही शानादार खेल देखने को मिला. भारत के आगे विपक्षी जापान सिर्फ एक गोल करने में कामयाब रही.

इस गोल्ड के साथ भारतीय हॉकी टीम ने 2024 में पेरिस (Paris) में खेले जाने वाले ओलंपिक खेलों (olympic games) के लिए भी क्वालिफाई कर लिया है. वहीं मुकाबले की बात करें तो पहले क्वार्टर में दोनों ही टीमें गोल नहीं कर सकी थीं. फिर दूसरे क्वार्टर में मुकाबले के 25वें मिनट भारत की ओर से मुकाबले का पहला गोल किया गया. मनदीप सिंह ने ये गोल दाग भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई. इस तरह मैच के हाफ टाइम में भारतीय टीम ने बढ़त हासिल की.

फिर तीसरे क्वार्टर में मुकाबले के 32वें मिनट पर भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने दूसरा गोल करके भारत को 2-0 की बढ़त दिलाई. तीसरा क्वार्टर खत्म होने से पहले अमित रोहिदास ने भारत के लिए तीसरा गोल दागा. इस तरह भारत ने तीसरे क्वार्टर तक 3-0 से बढ़त बनाते हुए अपनी जीत को लगभग कंफर्म कर लिया था.

चौथे क्वार्टर की शुरुआत के तीन मिनट बाद ही यानी 48वें मिनट पर अभिषेक ने भारत के लिए चौथा गोल किया. इस गोल के साथ भारत ने 4-0 की बढ़त हासिल कर ली. इसके तीन मिनट बाद ही यानी 51वें मिनट पर जापान ने अपना खाता खोला और टीम का पहला गोल आया. फिर मुकाबला खत्म होने से 1 मिनट पहले भारत की ओर से पांचवां गोल किया गया. 59वें मिनट पर कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने टीम के लिए पांचवां गोल कर जापान के खिलाफ भारत को 5-1 से जीत दिलाई.

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.