अर्श से फर्श पर पहुंचा टमाटरः सही दाम न मिलने पर मुफ्त बांटने लगे किसान

0 257

महाराष्ट्र: इस साल टमाटर किसी सेलिब्रिटी से कम नहीं है और आए दिन सुर्खियों में आ रहा है। कभी टमाटर के भाव 300 रुपये के पार पहुंच जाते हैं तो कभी मंडियों में 10 रुपये प्रति किलो से भी कम कीमतें हो जाती है। इसी कड़ी में टमाटर एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। दरअसल, महाराष्ट्र के लातूर जिले के मुरुड़ गांव में किसानों को टमाटर के उचित दाम नहीं मिल रहे हैं, जिसके चलते गुस्साए किसानों ने अपने टमाटर को मुफ्त में ही बांटना शुरू कर दिया। इसकी वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है।

दरअसल, दो महीने पहले टमाटर के बढ़ते रेट को देखकर किसानों ने मार्केट में अच्छा भाव मिलने की उम्मीद से टमाटर के उत्पादन पर जोर दिया, लेकिन अब टमाटर की मार्केट में आवक इतनी बढ़ गई है कि लातूर के मार्केट में हर दिन 5000 कैरेट टमाटर की आवक हो रही है।

इस बढ़ती हुई आवक के कारण 200 रुपए प्रति किलो से बिकने वाला टमाटर अब थोक मार्केट में सिर्फ 3 रुपये प्रति किलो के भाव से ही बिक रहा है। इसके चलते मुरुड शहर के सब्जी मार्केट में तीन टमाटर उत्पादक किसानों ने मिलकर मार्केट में खरीदारी करने आए लोगों को मुफ्त में टमाटर बांट दिए। एक तरफ टमाटर बांट रहे बेबस किसान अपने नुकसान के बारे में चिल्ला चिल्ला कर बता रहे थे, तो वही दूसरी ओर मुफ्त में मिल रहे टमाटर को लेने के लिए लोग एक दूसरे से लड़ते हुए दिखे।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.