फिनलैंड द्वारा लगभग सभी सीमा चौकियों को बंद करने के बाद रूसी क्षेत्र हाई अलर्ट पर

0 423

मॉस्को। फिनलैंड द्वारा अपनी लगभग सभी सीमा चौकियों को बंद करने के बाद स्थानीय निवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रूस के मरमंस्क क्षेत्र में हाई-अलर्ट घोषित कर दिया गया है और कई अतिरिक्त उपाय किए गए हैं। समाचार एजेंसी शिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार को फिनलैंड की सरकार ने रूस के साथ अपनी सीमा पर रूस के मरमंस्क क्षेत्र से सटे सुदूर उत्तर में स्थित एक को छोड़कर लगभग सभी चौकियों को बंद करने की घोषणा की।

यह फैसला 23 दिसंबर तक लागू रहेगा। क्षेत्र के गवर्नर एंड्री चिबिस ने गुरुवार को टेलीग्राम पर एक पोस्ट में कहा कि मरमंस्क के माध्यम से फिनलैंड में प्रवेश करने के इच्छुक विदेशी नागरिकों की संख्या बंद होने के चलते कई गुना बढ़ सकती है। गवर्नर ने कहा कि बुधवार को लगभग 400 विदेशी मरमंस्क से फिनलैंड में प्रवेश करने की प्रतीक्षा कर रहे थे, और उनमें से केवल 50 को ही जाने दिया गया।

संख्या और बढ़ने की उम्मीद है। पिछले हफ्ते रूस के साथ सीमा पर चार चौकियों को बंद करने के बाद, फिनिश अधिकारियों ने बिगड़ती प्रवासन स्थिति का हवाला देते हुए, रूस के साथ सीमा पर तीन और चौकियों को अस्थायी रूप से बंद करने का निर्णय लिया था, केवल सबसे उत्तरी चौकी राजा-जोसेप्पी को चालू रखा।

रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जखारोवा ने बुधवार को कहा कि फिनलैंड को पारस्परिक रूप से स्वीकार्य समाधान निकालने के लिए अपनी चिंताओं को उठाना चाहिए था। उन्होंने कहा कि रूसी अधिकारी मुद्दों पर समझौते पर पहुंचने के लिए फिनिश अधिकारियों के साथ काम करने के इच्छुक हैं।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.