70 साल से ऊपर वालों का होगा फ्री इलाज, अभिभाषण में राष्ट्रपति मुर्मू ने किया बड़ा ऐलान

0 299

नई दिल्ली : केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए अब 70 साल से ऊपर के बुजुर्गों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ देने का ऐलान किया है। गुरुवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने अभिभाषण में इस संबंध में जानकारी दी। पहले आयुष्मान भारत योजना का लाभ सिर्फ गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को दिया जाता था। राष्ट्रपति ने संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में अपना अभिभाषण दिया। उन्होंने कहा कि देश में जल्द ही 25 हजार नए जन औषधि केंद्र खोले जाएंगे।

राष्ट्रपति ने कहा कि जन औषधि केंद्रों को खोलने का काम तेजी से चल रहा है। वहीं, केंद्र सरकार 55 करोड़ लाभार्थियों को आयुष्मान भारत योजना के तहत मुफ्स स्वास्थ्य लाभ दे रही है। अब सरकार ने एक और बड़ा निर्णय लेते हुए सभी 70 साल से ऊपर के लोगों को आयुष्मान योजना का लाभ दिया है। चाहे वे किसी भी वर्ग से हों। राष्ट्रपति ने कहा कि स्वास्थ्य भारत अभियान गरीब लोगों के लिए संजीवनी बनकर आया है। गरीबों की गरिमा से लेकर उनकी सेहत को राष्ट्रीय महत्व का विषय बनाया है।

राष्ट्रपति ने कहा कि आज 12 करोड़ से अधिक परिवार आयुष्मान योजना का लाभ ले रहे हैं। वहीं, सरकार ने गरीबों के लिए शौचालय बनाकर ऐतिहासिक काम किया है। ये प्रयास बताते हैं कि देश आज महात्मा गांधी के दिखाए रास्ते पर चल रहा है। सच्चे अर्थों में उनके मार्ग का अनुसरण हो रहा है। राष्ट्रपति ने कहा कि भारत दुनिया को चुनौतियां देने के बजाय समाधान के लिए जाना जाता है।

भारत ने दुनिया में कई समस्याओं को लेकर विश्व बंधु के तौर पर काम किया है। चाहे जलवायु परिवर्तन हो या खाद्य सुरक्षा। कृषि और पोषण को लेकर काफी अच्छे प्रयास भारत ने किए हैं। आज दुनियाभर में भारत के मोटे अनाज की पहुंच है। राष्ट्रपति मुर्मू ने सांसदों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत की पहल पर ही दुनिया ने 2023 में अंतरराष्ट्रीय मिलेट वर्ष मनाया है। आज भारत की प्रतिष्ठा दुनिया में बढ़ रही है। पूरी दुनिया ने हमारे साथ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.