Anant Radhika Wedding: एआर रहमान-उदित नारायण ने बांधा समां, सोनू निगम की आवाज ने बिखेरा जादू

0 325

मुंबई : अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट की शादी 12 जुलाई को संपन्न हो गई। शनिवार यानी 13 जुलाई को ‘शुभ आशीर्वाद’ समारोह के बाद रविवार, 14 जुलाई को विवाह रिसेप्शन ‘मंगल उत्सव’ का आयोजन बड़ी ही धूमधाम से हुआ है। इस उत्सव में कई मशहूर हस्तियां शामिल हुईं। इस कार्यक्रम में संगीत के उस्ताद एआर रहमान, सुखविंदर सिंह, सोनू निगम, उदित नारायण, जोनिता गांधी और नीति मोहन जैसे गायकों ने अपनी मधुर आवाज का जलवा बिखेरा।

अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट के विवाह समारोह के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इनमें इन गायकों अपनी मधुर आवाज से मेहमानों को मंत्रमुग्ध करते हुए देखा जा सकता है। अनंत और राधिका की शादी के बाद के समारोह में सनी देओल, बॉबी देओल, बिपाशा बसु, करण सिंह ग्रोवर, रवि किशन, जैकी श्रॉफ, टाइगर श्रॉफ, रवींद्र जडेजा और अर्शदीप सिंह जैसी तमाम हस्तियां शामिल हुईं।

राधिका और अनंत अंबानी का विवाह समारोह मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में हुआ। शनिवार को नवविवाहित जोड़े के लिए आशीर्वाद समारोह आयोजित किया गया, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी पहुंचे। इस समारोह में द्वारका पीठ के शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती और ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सहित कई प्रतिष्ठित धार्मिक नेता शामिल हुए।

मंगल उत्सव में इन सभी मशहूर गायकों ने अपनी मधुर आवाज से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। सुखविंदर सिंह, एआर रहमान, जोनिता गांधी और नीति मोहन ने सखी आयो रे गाने से जलवा बिखेरा। सोनू निगम ने सतरंगी रे और साथिया जैसे गानों से सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा, जबकि उदित नारायण ने हम हैं इस पल यहां और ताल से ताल मिला जैसे गानों से समां बांधा।

इस समारोह में देश के साथ विदेशों से आए हुए मेहमान भी शामिल हुए। बॉलीवुड सितारों से लेकर साउथ के सितारों के साथ-साथ भोजपुरी इंडस्ट्री से खेसारी लाल यादव भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए। मंगल उत्सव की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.