प्रेम संबंध के लिए रची करोड़ों की साजिश! कारोबारी की बेटी ने प्रेमी संग मिलकर अपने ही घर में करवाई डकैती

0 13

मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक पीतल कारोबारी की बेटी ने अपने ही प्रेमी के साथ मिलकर घर में डकैती की वारदात को अंजाम दिला दिया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए कारोबारी की बेटी, उसके प्रेमी समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से 47 लाख 24 हजार रुपये नकद, चार तमंचे, पांच मोबाइल फोन और दो कारें बरामद की गई हैं। पुलिस अब बाकी रकम और अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

जानकारी के मुताबिक, थाना नागफनी क्षेत्र के अकबर कंपाउंड निवासी पीतल कारोबारी मोहम्मद इमरान के घर बीती 11 मई की तड़के करीब चार बजे डकैती की वारदात हुई थी। बदमाशों ने हथियारों के बल पर परिवार को बंधक बनाकर करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए थे।

बताया गया कि घटना के समय कारोबारी मोहम्मद इमरान, उनकी पत्नी सीमा, दो बेटे और दो बेटियां घर में मौजूद थे। डकैती की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मौके पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे और जांच शुरू की गई। घटना के खुलासे के लिए चार विशेष टीमें गठित की गईं, जिन्होंने आसपास के सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया।

जांच के दौरान पुलिस को चौंकाने वाली जानकारी मिली। एसएसपी सतपाल अंतिल ने खुलासा करते हुए बताया कि कारोबारी की बेटी अरीबा का अमरोहा निवासी अरशद वारसी के साथ पिछले सात से आठ वर्षों से प्रेम संबंध था। अलग जाति होने की वजह से दोनों की शादी नहीं हो पा रही थी। इसी के चलते दोनों ने पैसों के सहारे अलग जिंदगी शुरू करने की योजना बनाई और डकैती की साजिश रची।

पुलिस के अनुसार, अरीबा ने अपने प्रेमी अरशद को घर में रखी भारी रकम और जेवरात की पूरी जानकारी दी थी। इसके बाद अरशद ने अपने साथियों के साथ मिलकर पहले इलाके और घर की रेकी की। वारदात से करीब एक महीने पहले अरीबा ने घर के मुख्य गेट की चाबी भी अरशद को दे दी थी। घटना वाले दिन अरीबा ने घर के अंदर लगा डिजिटल लॉक खुद खोल दिया, जिसके बाद आरोपी आसानी से घर के भीतर दाखिल हो गए।

डकैती की पूरी वारदात को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अरीबा, उसके प्रेमी अरशद वारसी और तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों से 47 लाख 20 हजार रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन, चार तमंचे और दो कारें बरामद की गई हैं। मामले में अभी कुछ और गिरफ्तारियां होना बाकी हैं और लूटी गई शेष रकम की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.