अतीक के बेटे अबान की कार के आखिरी 6 सेकंड में क्या हुआ? सामने आया कथित वीडियो, ड्राइवर के कार संभालने की कोशिश पर उठे सवाल

0 67

लखनऊ: माफिया राजनेता अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान अहमद की 6 अगस्त को झांसी में सड़क दुर्घटना में मौत के मामले में एक कथित वीडियो सामने आया है। यह वीडियो अबान की कार के पीछे चल रही किसी गाड़ी के कैमरे से रिकॉर्ड हुआ बताया जा रहा है। 34 सेकंड के इस वीडियो में दुर्घटना से पहले के कुछ सेकंड घटनाक्रम को लेकर सवाल खड़े करते हैं। वीडियो में कार सड़क के बाईं ओर जाती दिखाई देती है और करीब 6 सेकंड के निर्णायक समय में उसे संभालने की कोई स्पष्ट कोशिश नजर नहीं आती। हालांकि, पुलिस ने अभी वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं की है।

वीडियो में ओवरटेक के बाद बाईं ओर जाती दिखी कार

कथित वीडियो के मुताबिक, अबान की कार 12वें से 13वें सेकंड के बीच एक पिक-अप वैन को दाईं ओर से ओवरटेक करती है। इसके तुरंत बाद 13वें-14वें सेकंड के दौरान कार तेजी से सड़क के बाईं ओर बढ़ती दिखाई देती है। वीडियो में कार की रफ्तार काफी अधिक नजर आ रही है।

इसके बाद करीब 19वें सेकंड तक कार लगातार बाईं ओर जाती रहती है। इस दौरान कार को नियंत्रित करने या उसकी दिशा बदलने की कोई स्पष्ट कोशिश दिखाई नहीं देती। इसी वजह से दुर्घटना से पहले के करीब छह सेकंड सबसे अहम माने जा रहे हैं।

डिवाइडर के पास पहुंचकर हुई कार को मोड़ने की कोशिश

वीडियो में करीब 19वें सेकंड के आसपास कार का बायां हिस्सा सड़क से नीचे उतरता दिखाई देता है। इसके बाद कार को दाईं ओर मोड़ने की कोशिश होती नजर आती है, लेकिन तब तक स्थिति नियंत्रण से बाहर हो चुकी थी।

कार एक छोटे गड्ढे से उछलती है और करीब 22वें सेकंड में सड़क किनारे बनी डिवाइडर जैसी दीवार से टकरा जाती है। टक्कर के बाद कार उछलकर पलट जाती है।

पीछे चल रही कार में सुनाई दी आवाज- देखो, रुक जाओ

34 सेकंड के इस कथित वीडियो में पीछे चल रही गाड़ी में मौजूद लोगों की आवाज भी सुनाई देती है। दुर्घटना के दौरान एक आवाज आती है, जिसमें कहा जाता है, “देखो, देखो, रुक जाओ।”

इसके बाद पीछे चल रही कार अपनी लेन में आगे बढ़ती दिखाई देती है। करीब 11 से 12 सेकंड तक उसके ब्रेक लगाने की बात वीडियो में स्पष्ट नहीं होती। आगे जाकर उस कार के रुकने या नहीं रुकने की स्थिति इस वायरल वीडियो से साफ नहीं होती है।

पुलिस ने वीडियो की सत्यता की जांच शुरू कराई

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। झांसी के एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने मोंठ के सीओ सुनील शर्मा को वीडियो की सत्यता की जांच कराने के निर्देश दिए हैं।

वीडियो अबान की कार के पीछे चल रही गाड़ी से रिकॉर्ड हुआ बताया जा रहा है। ऐसे में यह भी माना जा रहा है कि फुटेज उसी वाहन में मौजूद किसी व्यक्ति के जरिए बाहर आया होगा या उसे किसी अन्य व्यक्ति को उपलब्ध कराया गया होगा।

हादसे में अबान और उसके दोस्त सोनू की मौत

अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान अहमद की 6 अगस्त को झांसी में कार दुर्घटना में मौत हुई थी। बताया गया था कि वह अपने बड़े भाई से झांसी जेल में मुलाकात के लिए जा रहा था।

हादसे में अबान के साथ उसके दोस्त सोनू की भी मौत हुई। कार में सवार उमर, जैद और आजम घायल हुए हैं। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

क्या वजह थी कि छह सेकंड तक कार नहीं संभली?

सामने आए कथित वीडियो के आधार पर दुर्घटना से पहले के 13वें और 19वें सेकंड के बीच का समय सबसे अहम नजर आता है। इस दौरान कार लगातार बाईं ओर जाती दिख रही है, लेकिन उसे समय रहते संभालने की कोशिश स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं देती।

हालांकि, केवल बाहर से रिकॉर्ड किए गए इस वीडियो के आधार पर यह तय नहीं किया जा सकता कि उस समय ड्राइवर की स्थिति क्या थी या कार पर उसका नियंत्रण क्यों नहीं रहा। दुर्घटना की वास्तविक वजह, ड्राइवर कार को समय रहते क्यों नहीं संभाल सका और हादसे के समय अंदर क्या स्थिति थी, इन सवालों का जवाब पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.