हिमंता बिस्वा सरमा के साथ चार मंत्री भी 12 मई को लेंगे शपथ, रंजीत दास होंगे स्पीकर पद के उम्मीदवार

0 50

गुवाहाटी: असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा एक बार फिर दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में मंगलवार को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह से पहले उन्होंने नई कैबिनेट की रूपरेखा भी सार्वजनिक कर दी है। सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर जानकारी दी कि उनके साथ चार नेता मंत्री पद की शपथ लेंगे, जबकि रंजीत दास को विधानसभा अध्यक्ष पद का उम्मीदवार बनाया गया है।

नई कैबिनेट में इन नेताओं को मिली जिम्मेदारी
हिमंता बिस्वा सरमा ने बताया कि नई सरकार में रामेश्वर तेली, अतुल बोरा, चरण बोरो और अजंता नियोग मंत्री पद की शपथ लेंगे। उन्होंने सभी नेताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह टीम पूरी प्रतिबद्धता के साथ असम के विकास और समृद्धि के लिए काम करेगी।

रंजीत दास होंगे विधानसभा स्पीकर पद के उम्मीदवार
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि विधायक रंजीत दास को असम विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवार बनाया गया है। उन्होंने कहा कि सभी नेता मिलकर राज्य को एक मजबूत और विकसित असम बनाने की दिशा में काम करेंगे।

खानापाड़ा में होगा भव्य शपथ ग्रहण समारोह
शपथ ग्रहण समारोह मंगलवार सुबह 11 बजे गुवाहाटी के खानापाड़ा स्थित पशु चिकित्सा महाविद्यालय के खेल मैदान में आयोजित किया जाएगा। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित कई केंद्रीय मंत्री और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद रहेंगे।

एनडीए को मिली प्रचंड जीत के बाद नई सरकार का गठन
हाल ही में संपन्न असम विधानसभा चुनाव में एनडीए को बड़ी जीत मिली है। 126 सदस्यीय विधानसभा में गठबंधन ने 102 सीटें हासिल कीं, जबकि भाजपा ने अकेले 82 सीटों पर जीत दर्ज की। इसी जीत के बाद हिमंता बिस्वा सरमा लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.