America Firing: अमेरिका के ह्यूस्टन में हुई गोलीबारी, संदिग्ध समेत 4 लोगों की गई जान

0 207

America Houston Firing: अमेरिका में एक बार फिर गोलीबारी की वीभत्स घटना हुई है। इस बार ह्यूस्टन में एक शख्स ने 2 अलग-अलग स्थानों पर 3 लोगों की गोली मारकर हत्या करने के बाद खुद को भी गोली मार ली। पुलिस ने इस घटना के बारे में जानकारी दी है। पुलिस ने बताया कि वह गोलीबारी के पीछे के मकसद का पता लगाने की कोशिश कर रही है। ह्यूस्टन पुलिस विभाग के लेफ्टिनेंट लैरी क्रॉसन ने कहा, ‘‘प्रारंभिक संकेत यह हैं कि दोनों मामले आपस में जुड़े हुए हैं।’’

कहां हुआ पहला मामला?
शहर पुलिस की प्रवक्ता एलिसिया अलानिज ने बताया कि ह्यूस्टन के उपनगर शुगर लैंड में एक वाहन चालक ने एक अन्य वाहन पर कई गोलियां चलाईं जिससे उसका चालक घायल हो गया और उसे अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। अलानिज ने बताया कि पुलिस अब भी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या यह गोलीबारी ‘रोड रेज’ का मामला है।

दूसरे मामले के बारे में जानें
लगभग आधे घंटे बाद ह्यूस्टन पुलिस को पहली गोलीबारी के घटनास्थल से लगभग 11 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में एक मैकेनिक की दुकान पर गोलीबारी की सूचना मिली। क्रॉसन ने बताया कि हमलावर ने एक मैकेनिक और उस गवाह को गोली मार दी जो उसका वीडियो बना रहा था। उन्होंने बताया कि पुलिस को हमलावर लगभग 6.4 किलोमीटर दूर अपनी गाड़ी में मृत मिला। अधिकारियों का मानना ​​है कि उसने खुदकुशी होगी। पुलिस ने मृतकों या हमलावर के नाम जारी नहीं किए हैं।

जानें अमेरिका का गन कल्चर
अमेरिकी नागरिकों के पास दुनिया में सबसे ज्यादा बंदूकें हैं। 2023 के एक अनुमान के अनुसार अमेरिका में नागरिकों के पास लगभग 393 मिलियन (39.3 करोड़) से अधिक बंदूकें हैं। यह संख्या अमेरिका की कुल आबादी से भी ज्यादा है। अमेरिका में लगभग 40-44 फीसदी लोगों के घरों में बंदूकें हैं, जबकि लगभग 32 फीसदी अमेरिकी व्यक्तिगत रूप से बंदूक के मालिक हैं। इसका मतलब यह है कि जिन लोगों के पास बंदूकें हैं, उनमें से कई लोगों के पास एक से ज्यादा बंदूकें हैं।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.