वाराणसी से पुणे के लिए अमृत भारत एक्सप्रेस को मिलेगी नई रफ्तार, 28 अप्रैल को पीएम मोदी दिखाएंगे हरी झंडी, बरेका से होगा शुभारंभ

0 28

वाराणसी से रेल कनेक्टिविटी को बड़ी सौगात मिलने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 अप्रैल को बरेका में आयोजित जनसभा स्थल से बनारस–हडपसर (पुणे) अमृत भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस अवसर पर पहली बार यह ट्रेन उद्घाटन स्पेशल के रूप में चलाई जाएगी और इसका सजीव प्रसारण बनारस रेलवे स्टेशन पर भी किया जाएगा।

नए रूट पर दौड़ेगी अमृत भारत एक्सप्रेस, बढ़ेगी कनेक्टिविटी

रेलवे बोर्ड के निदेशक (कोचिंग) संजय आर. नीलम के पत्र के बाद इस ट्रेन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। यह बनारस से चलने वाली दूसरी और वाराणसी से गुजरने वाली कुल छठी अमृत भारत एक्सप्रेस होगी। इससे पूर्व भी इस मॉडल की कई ट्रेनें अलग-अलग रूट पर संचालित की जा रही हैं, जिनमें बनारस-सियालदह और मालदा टाउन-गोमती नगर जैसी सेवाएं शामिल हैं।

ट्रेन का टाइम टेबल जारी, स्लीपर और जनरल कोच होंगे शामिल

रेलवे बोर्ड ने इस ट्रेन का नंबर 22589/22590 जारी कर दिया है। बनारस से यह ट्रेन शाम 6:15 बजे रवाना होगी और ज्ञानपुर रोड, प्रयागराज जंक्शन, फतेहपुर, गोविंदपुरी, उरई, झांसी, बीना और रानी कमलापति होते हुए अगले दिन रात 12:10 बजे हडपसर पहुंचेगी।

वापसी दिशा में गाड़ी संख्या 22590 हडपसर से दोपहर 2:30 बजे प्रस्थान करेगी। इस 22 कोच वाली ट्रेन में स्लीपर और जनरल श्रेणी के डिब्बे होंगे। इसका प्राइमरी मेंटेनेंस बनारस में ही किया जाएगा।

नियमित संचालन की तारीख और किराया अभी तय नहीं

हालांकि ट्रेन का नंबर और रूट तय हो चुका है, लेकिन इसके नियमित संचालन की तारीख और किराया अभी घोषित नहीं किया गया है। फिलहाल इसे उद्घाटन विशेष सेवा के तौर पर चलाया जाएगा।

पीएम दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, एसपीजी ने संभाली कमान

प्रधानमंत्री के दो दिवसीय काशी दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। एसपीजी की टीम शनिवार को वाराणसी पहुंचेगी और बाबतपुर एयरपोर्ट, बरेका कार्यक्रम स्थल, गेस्ट हाउस और हेलीपैड सहित सभी महत्वपूर्ण स्थानों का निरीक्षण करेगी। प्रधानमंत्री 28 अप्रैल की शाम वाराणसी पहुंचेंगे, जनसभा को संबोधित करेंगे और बरेका गेस्ट हाउस में रात्रि प्रवास करेंगे।

तैयारियों को लेकर भाजपा की बैठक, महिला सशक्तिकरण पर जोर

प्रधानमंत्री के कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान महिला मोर्चा की भूमिका पर विशेष जोर दिया गया।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना है और उनके बिना विकसित भारत की कल्पना संभव नहीं है। उन्होंने महिला सशक्तिकरण, तीन तलाक कानून और पिछड़ा वर्ग आयोग को वैधानिक दर्जा देने जैसे फैसलों को सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया।

वाराणसी-पुणे रूट पर बढ़ेगी सुविधाएं, यात्रियों को मिलेगा लाभ

नई अमृत भारत एक्सप्रेस के शुरू होने से वाराणसी और पुणे के बीच यात्रा और अधिक सुगम होगी। यह ट्रेन विशेष रूप से लंबी दूरी के यात्रियों के लिए किफायती और सुविधाजनक विकल्प साबित होगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.